
नई दिल्ली। महिला अपराधों से जुड़ा हर मामला रूह को हिला के रख देता हैं। आगरा में भी कुछ ऐसा ही हुआ। अछनेरा क्षेत्र की एक महिला गुरूवार को दीवानी गेट बदहवास हालत में मिली। महिला ने आरोप लगाए कि उसके पति ने उसे दो आदमियों को बेच दिया था। दोनों ने एक महीने तक उसका रेप किया। मौका मिलते ही भाग निकली। आपको बता दें पीड़िता को उसका परिवार घर ले गया है।
बेहोश कर साजिश को दिया अंजाम
महिला ने बताया कि उसकी शादी दिसंबर 2023 में हुई थी। उसका ससुराल मथुरा के मगोर्रा थाना क्षेत्र में है। उसका पति किसान है। उसने आरोप लगाया कि वह पिछले महीने अपने मायके आई थी। उसका पति 13 अगस्त को आया था। वह उसे बाइक पर साथ लेकर ससुराल गया। गांव के बाहर ही ससुराल वालों से उसकी मुलाकात हुई। वहां एक कार भी थी, जिसमें दो अन्य युवक थे। उसके पति ने कहा कि उसे घूमने जाना है। इसलिए वह कार लेकर आया है। उसने उसे उसमें बैठा लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, दोनों युवकों ने उसे पकड़ लिया और उसे रुमाल सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।
जब उसे होश आया तो वह एक कमरे में बंद थी। उसे सुनसान जगह पर बंधक बनाकर रखा गया था। युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वे उसे कहने लगे कि तुझे तेरे पति ने 3 लाख रुपये में बेचा है। वे लोग उसे कमरे में बंद करके रखते थे। उसे थोड़ा-बहुत खाने को देते थे। गुरुवार को दोनों उसे बेचने के लिए दूसरी जगह ले जा रहे थे। सुबह वह उनके साथ आ गई। भगवान टॉकीज चौराहे पर युवकों ने नाश्ता करना शुरू कर दिया। इसके बाद वह भाग गई।
पीड़ित ने नही की शिकायत
सूचना पर न्यू आगरा थाना पुलिस ने युवती के बयान लिए। थाना प्रभारी ने बताया कि युवती ने अपने पति पर उसे बेचने का आरोप लगाया है। पीड़िता से लिखित शिकायत देने को कहा गया लेकिन उसने लिखित शिकायत नहीं की। उसका भाई आया था। वह उसे ले गया। पुलिस ने कहा लिखित शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।