
देहरादून की एक महिला का आरोप है कि उसके पति ने शादी की पहली रात ही कामोत्तेजक दवाओं का सेवन कर उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाए। उस महिला ने बताया कि उसका विवाह इसी साल सात फरवरी को देहरादून निवासी एक व्यक्ति से हुआ था। महिला ने पुलिस को बताया कि शादी की पहली रात ही पति ने कामोत्तेजक दवाओं का प्रयोग कर उसके साथ गलत तरीके से संबंध बनाए। मायके से लौटने के बाद जब वह ससुराल आई तो फिर से पति ने इच्छा के विरुद्ध उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाए।
हाथ की नस काटकर किया आत्महत्या का प्रयास
महिला के मुताबिक अप्राकृतिक संबंध बनाने से मना करने पर पति ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। उसके परिवार वाले भी उसे आए दिन प्रताड़ित करने लगे थे। अपना परिवार बचाने के लिए वह यौन हिंसा झेलती रही। इससे तंग आकर उसने 27 फरवरी को कलाई की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास भी किया था।
सहती रही अत्याचार
विवाहिता के मुताबिक हाथ की नस काटने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां पहुंचे पति ने निजी जीवन की बातें बाहरी लोगों को बताने से उसे मना कर दिया था। मुंह खोलने पर उसे धमकी दी गई थी। इसके चलते वह अत्याचार सहती रही।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ अप्राकृति संबंध बनाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही उसके माता और पिता सहित एक अन्य के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।