
गुजरात के अहमदाबाद में 31 साल के एक शख्स को छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। ऐसा नहीं है कि उसने राह चलते किसी महिला से छेड़खानी की, बल्कि इस अपराध के लिए वह पाइप के सहारे होटल की चौथी मंजिल तक जा पहुंचा। नरोदा इलाके में महिला को देखने के बाद वह पीछा करते हुए होटल के कमरे तक जा पहुंचा। खिड़की से अंदर आने के बाद उसने सेक्स की डिमांड की।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, नरोदा पुलिस स्टेशन में दी शिकायत में 26 साल की पीड़िता ने कहा कि वह नरोदा-मुथिया इलाके में स्थित होटल में वह डेढ़ महीने से रह रही है, क्योंकि उसके घर में कुछ काम चल रहा है। सोमवार को करीब 3:30 बजे उसके पति कुछ स्नैक्स लेने के लिए नीचे गए थे। तभी उसे खिड़की के पास हलचल महसूस हुई। तभी आरोपी खिड़की से उसके कमरे में कूदा और अपने साथ सेक्स करने को कहने लगा।
जब उसने मना किया तो वह छेड़खानी करने लगा। वह मदद के लिए चिल्लाई तो होटल स्टाफ और उसके पति दौड़े। एफआईआर के मुताबिक आरोपी ने उसके पति और उस पर हमला भी किया। होटल स्टाफ ने पुलिस को फोन किया। तुरंत मौके पर पहुंची टीम ने आरोपी पार्थ पटेल को गिरफ्तार कर लिया। वह सरदारनगर का रहने वाला है। नरोदा पुलिस इंस्पेक्टर एसजे भाटिया ने कहा कि पटेल दिहाड़ी मजदूर है। वह शिकायतकर्ता महिला पर कई दिनों से नजर रख रहा था। पकड़े जाने के बाद भी उसने महिला को गाली दी और उसके पति पर हमले की धमकी दी।