
घर में शादी की फुल तैयारी थी। दूल्हा मस्त सजधज के दुल्हन को लाने के लिए रेडी हो गया। घरवाले भी अपने लिए नई बहू को लाने को लेकर उत्साहित थे। वहीं शादी में आए मेहमान बारात में नाचने गाने के सपने सँजो रहे थे। दूल्हा बारात लेकर घर से निकल ही रहा था कि वहाँ पुलिस आ धमकी और दूल्हे को अपने साथ उठाकर ले गई। एक पल में सभी के सपने चकनाचूर हो गए। तो अब सवाल ये उठता है कि ऐसा क्या हुआ जो पुलिस दूल्हे को उसकी बारात से ही उठाकर ले गई? चलिए जानते हैं।
प्रेमी की शादी में पुलिस लेकर आई प्रेमिका
यह अनोखा मामला बिहार के खगड़िया जिले का है। यहां परबता थाने के तेमथा गांव का रहने वाला राहुल अपनी बारात लेकर शादी करने जा रहा था। हालांकि तभी वहां पुलिस का एक दल आ गया। पुलिस के साथ एक लड़की भी आई जिसे देख राहुल के होश उड़ गए। ये लड़की और कोई नहीं बल्कि राहुल की पूर्व प्रेमिका थी। उसे राहुल की शादी की भनक लग गई थी। इसी के चलते वह पुलिस को लेकर आई थी।
दूल्हे पर लगाया यौन शोषण का आरोप
दरअसल प्रेमिका ने अपने प्यार और इसमें मिले धोखे की पूरी कहानी पुलिस को बताई थी। उसने बातया कि वह धनबाद के एक स्कूल में शिक्षिका है। उसका आरोपी प्रेमी भी वहीं लिपिक के पद पर कार्यरत है। प्रेमी मधेपुरा का रहने वाला है। प्रेमिका के अनुसार राहुल के साथ उसका काफी लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसने शादी का वादा भी किया था। हालांकि फिर उसने किसी और लड़की से शादी करने का निर्णय ले लिया। ऐसे में राहुल की पूर्व प्रेमिका ने उसके ऊपर यौन शोषण आरोप लगाया है।

बारात निकलने से पहले दूल्हे को उठा ले गई पुलिस
पीड़ित प्रेमिका की शिकायत के बाद धनबाद पुलिस पूरे दलबल के साथ दूल्हे की बारात में जा पहुंची। दूल्हा अपना बारात लेकर सहरसा के लिए रवाना होने ही वाला था, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी मधेपुरा का रहने वाला है, लेकिन उसने खगड़िया से अपनी शादी तय की थी। हालांकि शादी में जाने से पहले ही पुलिस ने दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया।
घरवालों के कहने पर दिया प्रेमिका को धोखा
खगड़िया के परबता थाना प्रभारी संजय विश्वास बताते हैं कि हमे पीड़ित लड़की से शिकायत मिली थी कि उसके प्रेमी ने उसे शादी का आश्वासन दिया था। हालांकि जब वह मधेपुरा पहुंचा तो उसने अपना मोबाईल बंद कर दिया। इस बीच उसके घरवालों के कहने पर उसने अपनी शादी कहीं और फिक्स कर ली। जब प्रेमिका को ये बात पता चली तो उसने ठाने में शिकायत की। फिर पुलिस ने एक्शन लेते हुए दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
वैसे इस पूरे मामले पर आपकी क्या राय है? हमे कमेंट कर जरूर बताएं।