

टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर पिता की मौत के बाद उनके बेटों के बीच अंतिम संस्कार को लेकर बवाल हो गया।
मामला इतना बढ़ गया कि बड़ा बेटा पिता के शव के दो टुकड़े कर अलग-अलग अंतिम संस्कार करने की जिद पर अड़ गया। दोनों बेटों के विवाद के कारण शव करीब पांच घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा।
बेटों ने की पिता के शव के टुकड़े करने की जिद
जानकारी के अनुसार जिले के जतारा में रविवार सुबह पांच बजे के करीब ध्यानी सिंह का निधन हो गया। शख्स की मौत के बाद उसके बेटे किशन सिंह घोष और दामोदर घोष के बीच पिता के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद हो गया। अंतिम यात्रा में शामिल रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने दोनों बेटों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किशन सिंह जिद पर अड़ा रहा।
दोनों बेटों में विवाद के कारण पिता का शव करीब पांच घंटों तक घर के बाहर सड़क पर पड़ा रहा। पिता की मृत्यु के बाद दोनों बेटों में विवाद देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों भाइयों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी जिद छोड़ने को तैयार नहीं थे।
लाश को काटने पर अड़ा बेटा
बताया जाता है कि किशन सिंह अपने पिता का शव काटकर अलग-अलग अंतिम संस्कार करने की जिद पर अड़ा था। इस वजह से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस को इस मामले में सख्ती दिखानी पड़ी। इसके बाद समझाइश देकर अपनी मौजूदगी में अंतिम संस्कार संपन्न कराया।
इस प्रकार के विवाद को देखकर गांव वाले भी हैरान हो गए। बुजुर्ग की मौत के बाद हुए इस घटनाक्रम से पूरे क्षेत्र में चर्चा बना रहा। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों भाइयों ने समझौता किया और अपने पिता अंतिम संस्कार एक साथ किया।