

नई दिल्ली: दिल्ली में बुधवार को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग संपन्न हो गई है। 8 फरवरी को नतीजे आएंगे। लेकिन वोटिंग से एक दिन बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए नींद उड़ा देने वाला एग्जिट पोल सामने आया है। एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक, दिल्ली में बीजेपी को 45-55 सीटें मिल सकती है। वहीं आम आदमी पार्टी के खाते में 15 से 25 सीटें जा सकती हैं। कांग्रेस और अन्य के खाते में 1 सीट जाने की संभावना है।
एग्जिट पोल में बीजेपी को 48 प्रतिशत वोट शेयर, आप को 42 प्रतिशत वोट शेयर, कांग्रेस को 7 प्रतिशत वोट शेयर और अन्य को 3 प्रतिशत वोट शेयर मिलने की संभावना जताई गई है। दिल्ली के विधानसभा चुनाव में कई पोलिंग एजेंसियों ने एग्जिट पोल्स जारी कर दिए हैं। अधिकांश में बीजेपी सरकार बनाती हुई दिख रही है। एक्सिस माय इंडिया का पोल वेस्ट दिल्ली की 10 में से 8 और नई दिल्ली की 10 में से 7 सीटें बीजेपी को दे रहा है।
दिल्ली चुनाव के नतीजों पर देश की नजर
दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी और AAP के बीच कड़ा मुकाबला है। 8 फरवरी को नतीजे आएंगे। बीजेपी सत्ता में वापसी चाहती है। कांग्रेस खोई जमीन तलाश रही है। AAP अपनी सरकार बचाना चाहती है। बीजेपी और AAP के बीच मुख्य मुकाबला दिख रहा है। चुनाव प्रचार में बड़े नेताओं ने हिस्सा लिया। पीएम मोदी, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी के लिए प्रचार किया। AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भी जोरदार प्रचार किया। कांग्रेस के लिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने रोड शो और रैलियां कीं। चुनाव प्रचार के दौरान तीनों ही पार्टियों ने जनता को लुभाने के लिए कई वादे किए हैं। अब देखना होगा कि 8 फरवरी को जनता किस पार्टी पर भरोसा जताती है। दिल्ली की जनता तय करेगी कि अगले 5 साल राजधानी की बागडोर किसके हाथ में होगी।