चक्रवाती परिसंचरण बनने से आज इन प्रदेशों में होगी बरसात तो कहीं पर गिरेंगे ओले

चक्रवाती परिसंचरण बनने से आज इन प्रदेशों में होगी बरसात तो कहीं पर गिरेंगे ओले
Himachali Khabar
मौसम में पिछले तीन दिनों के अंदर बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार के दिन ठंड का असर रहा, वहीं कई स्थानों पर धुंध भी छाई रही। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आज शनिवार 22 फरवरी को भी मौसम में बदलाव की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हरियाणा और आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
इसी के साथ एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण नागालैंड के ऊपर सक्रिय है। वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ पूर्वोत्तर दिशा में आगे बढ़ चुका है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 24 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों तक पहुंच सकता है।
उत्तर बांग्लादेश से तेलंगाना तक एक ट्रफ बनी हुई है, जो गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा के अंदरूनी इलाकों और दक्षिणी छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है।
देश भर में हुई मौसमी हलचल
पिछले 24 घंटों के दौरान, जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बर्फबारी दर्ज की गई। लद्दाख और उत्तराखंड में भी हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई। पंजाब और हरियाणा में गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि देखी गई।
ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड के कुछ हिस्से, सिक्किम, असम और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बिखरी हुई हल्की से मध्यम बारिश हुई। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में महत्वपूर्ण गिरावट आई। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक गिर गया।
मौसम की संभावित गतिविधि
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे को दौरान, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पश्चिमी हिमालय में कहीं-कहीं हल्की बरसात संभव है।
अंडमान और निकोबार द्वीप, पश्चिम बंगाल, ओडिशा के कुछ हिस्सों, झारखंड और बिहार के अलग-अलग स्थानों पर अगले 48 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *