

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के लिए रेखा गुप्ता का नाम तय हो गया है। सूत्रों के मुताबिक RSS ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा है, जिसे भाजपा ने मान लिया है।
विधानसभा चुनाव रिजल्ट के 11 दिन बाद आज शाम 7 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान होने के आसार हैं।
मुख्यमंत्री की शपथ गुरुवार (20 फरवरी) को रामलीला मैदान में दोपहर 12:35 बजे होगी। दिल्ली के मुख्य सचिव की तरफ से भेजे गए निमंत्रण में मुख्यमंत्री के साथ मंत्रियों की शपथ का भी जिक्र है।
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी दलित, पूर्वांचल और जाट का कॉम्बिनेशन बना सकती है। दो डिप्टी सीएम हो सकते हैं। कार्यक्रम में 30 हजार मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है।
पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा पहले ही साफ कर चुके हैं कि मुख्यमंत्री निर्वाचित विधायकों में से होगा। बैठक में कैबिनेट मंत्रियों के नाम की भी घोषणा हो सकती है।
रेखा गुप्ता बोलीं- कोई दावेदार नहीं, सब पार्टी तय करती है
भाजपा विधायक रेखा गुप्ता ने कहा- भाजपा में सीएम पद का कोई भी दावेदार नहीं है। यह सब पार्टी तय करती है, जिसे भी जिम्मेदारी दी जाएगी, वह प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा। मुझे पूरा विश्वास है कि बीजेपी के सीएम के साथ दिल्ली में एक नया अध्याय शुरू होगा। दिल्ली बहुत सारे विकास कार्यों के साथ एक नई कहानी लिखेगी, लोगों को अधिकार मिलेंगे, सभी काम होंगे। कल के शपथ ग्रहण समारोह के लिए बहुत उत्साह है। लोग इसमें शामिल होना चाहते हैं। 26 साल बाद दिल्ली अपनी क्षमता का एहसास करने के लिए तैयार है। हमारे पास बहुत सारी विकास योजनाएं हैं और समय आ गया है।