Purnia News: बिहार के पूर्णिया जिले के रूपौली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पत्नी के अपने ही जीजा के साथ कथित अवैध संबंधों का विरोध करने और बारबार मायके जाने से परेशान पति की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान आझोकोपा निवासी अनिल साह के पुत्र संतोष साह के रूप में हुई है. डोभा गोठ बस्ती स्थित ससुराल में संतोष का शव फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ. परिजनों ने आरोप लगाया है कि संतोष की गला घोंटकर हत्या की गई और फिर वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया. पुलिस ने पत्नी और साढ़ू समेत चार लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

घटना के पीछे लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक और प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद की बात सामने आई है. मृतक के पिता अनिल साह और भाई कृष्ण कुमार ने आरोप लगाया कि संतोष अपनी पत्नी रीना देवी और अपने साढ़ू बिपिन साह के बीच चल रहे कथित प्रेम प्रसंग का लगातार विरोध करता था. परिजनों का दावा है कि पत्नी के इस विवादित संबंध से जुड़े कई पुख्ता साक्ष्य और रिकॉर्डिंग्स मृतक के मोबाइल फोन में मौजूद हैं. विरोध करने पर संतोष को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं. पत्नी के बिना बताए बारबार मायके चले जाने को लेकर भी अक्सर दोनों में विवाद होता था.

मंगलवार शाम ससुराल गया, बुधवार सुबह मिली मौत की खबर

विवाद सुलझाने और पत्नी को लिवाने के उद्देश्य से संतोष मंगलवार शाम अपने ससुराल डोभा गोठ बस्ती गया हुआ था. बुधवार की सुबह पड़ोसियों ने फोन कर परिजनों को सूचना दी कि संतोष की मौत हो गई है. शुरुआत में परिजनों को गुमराह करने के लिए जहर खाने या सोने की बात कही गई. जब परिजन ससुराल पहुंचे तो संतोष का शव फंदे से झूल रहा था. शरीर पर मारपीट और चोट के निशान पाए गए, जिससे परिजनों ने हत्या की पूरी आशंका जताई है.

पत्नी, साढ़ू, साली और सास पर हत्या की FIR, आरोपी फरार

मृतक के पिता के लिखित आवेदन पर रूपौली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने पत्नी रीना देवी, कांप गांव निवासी साढ़ू बिपिन साह, साली साबो देवी और सास बिमला देवी के खिलाफ हत्या और साजिश रचने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. घटना के बाद से ही सभी चारों नामजद आरोपी घर छोड़कर फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जगहजगह छापेमारी कर रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी मौत की वजह, पुलिस जांच जारी

रूपौली थाना पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल भेज दिया है. रूपौली थानाध्यक्ष अभय रंजन ने बताया कि पिता के आवेदन पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की हर पहलू से तफ्तीश कर रही है. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.