हेवी इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट इंडस्ट्री से जुड़ी हैदराबाद की कंपनी आजाद इंजीनियरिंग के शेयरों ने नया इतिहास रच दिया है। कंपनी के शेयर अपने ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंच गए हैं। गुरुवार को बीएसई में आजाद इंजीनियरिंग के शेयर 10 प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ 2,476.45 रुपये तक पहुंच गए। पिछले तीन महीनों में कंपनी के शेयरों में 47 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल दर्ज किया गया है। इस तेज रफ्तार बढ़त के साथ कंपनी का मार्केट कैप भी गुरुवार को 16,000 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। कंपनी के शेयरों की इस जबरदस्त उड़ान ने उन शुरुआती निवेशकों को भी भारी मुनाफा दिया, जिन्होंने इसके प्रीआईपीओ चरण में दांव लगाया था। इनमें भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का नाम भी शामिल है।

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने 6 मार्च 2023 को प्रीआईपीओ फेज में हैदराबाद स्थित आजाद इंजीनियरिंग में 5 करोड़ रुपये का निवेश कर हिस्सेदारी खरीदी थी। इसके बाद कंपनी ने अपने शेयर का स्प्लिट किया और बोनस शेयर भी जारी किए। इन दोनों कॉरपोरेट एक्शन के बाद सचिन तेंदुलकर को कंपनी का एक शेयर 114.10 रुपये का पड़ा। उनके पास आजाद इंजीनियरिंग के कुल 4,38,210 शेयर थे। कंपनी के शेयर 28 दिसंबर 2023 को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 720 रुपये के भाव पर सूचीबद्ध हुए। लिस्टिंग के पहले ही दिन सचिन तेंदुलकर के लगाए गए 5 करोड़ रुपये की वैल्यू बढ़कर 31.55 करोड़ रुपये पहुंच गई थी, जिसने निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
अब कंपनी के शेयर गुरुवार, 9 जुलाई 2026 को 2,476.45 रुपये के स्तर तक पहुंच चुके हैं। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सचिन तेंदुलकर ने आजाद इंजीनियरिंग में अपनी हिस्सेदारी अब भी बरकरार रखी है या फिर वह अपने शेयर बेचकर कंपनी से बाहर निकल चुके हैं। इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
आजाद इंजीनियरिंग पर केवल सचिन तेंदुलकर ने ही भरोसा नहीं जताया था। पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण, बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने भी कंपनी में निवेश किया था। तीनों खेल हस्तियों ने सचिन तेंदुलकर के निवेश के पांच दिन बाद, 11 मार्च 2023 को कंपनी में 11 करोड़ रुपये का निवेश किया। इसके तहत तीनों ने कंपनी के 43,80043,800 शेयर खरीदे। हालांकि, उन्हें कंपनी का एक शेयर 228.17 रुपये के भाव पर मिला। कंपनी की लिस्टिंग के दिन इन तीनों निवेशकों को भी बंपर मुनाफा हुआ। यह जानकारी इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में सामने आई थी।
आजाद इंजीनियरिंग के आईपीओ में कंपनी के शेयर का इश्यू प्राइस 524 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। कंपनी का आईपीओ 20 दिसंबर 2023 को निवेशकों के लिए खुला था और 23 दिसंबर 2023 तक खुला रहा। निवेशकों की जबरदस्त दिलचस्पी के चलते कंपनी का आईपीओ कुल 80.65 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, रिटेल यानी आम निवेशकों की श्रेणी में यह इश्यू 23.79 गुना सब्सक्राइब हुआ था। अब शेयर के ऑल टाइम हाई पर पहुंचने के बाद आजाद इंजीनियरिंग एक बार फिर निवेशकों और बाजार विशेषज्ञों के बीच चर्चा का प्रमुख विषय बन गई है।



