हिमाचल: युवक ने ढाबे पर खाया चायपरांठा, फिर महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डाल छीन ले गया मंगलसूत्र

ढाबे पर अकेली थी महिला, एक महीने पहले ही शुरू किया था काम
शिमला। हिमाचल की राजधानी शिमला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नेशनल हाईवे05 के किनारे स्थित एक ढाबे पर चायपराठा खाने के बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने आसपास के इलाके में दहशत पैदा कर दी। आरोपी ने पहले आराम से ढाबे पर बैठकर खाना खाया और मौका मिलते ही 61 वर्षीय महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही आरोपी उसके गले से सोने का मंगलसूत्र छीनकर मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना कुमारसैन थाना क्षेत्र के बरूवाग में सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 61 वर्षीय कांंकू देवी ने अपने पति सुंदर लाल के साथ करीब एक महीने पहले बरूवाग में हाईवे किनारे ढाबा शुरू किया था। 26 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ढाबे पर पहुंचा। उसने चायपराठा खाया और इसके बाद काफी देर तक वहीं बैठा रहा। करीब 11 बजे कांंकू देवी के पति सुंदर लाल ढाबे के लिए सामान लेने नारकंडा बाजार चले गए। उनके जाने के बाद महिला ढाबे पर अकेली रह गई।
यह भी पढ़ें :
दोपहर करीब 12 बजे कांंकू देवी ढाबे के बाहर बर्तन धो रही थीं। इसी दौरान आरोपी अचानक पीछे से उनके पास पहुंचा। महिला को संभलने का मौका भी नहीं मिला और आरोपी ने दोनों हाथों से उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। मिर्च आंखों में पड़ते ही महिला को तेज जलन होने लगी और कुछ दिखाई देना बंद हो गया। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपटा और वहां से भाग निकला।
वारदात के बाद महिला ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई। लेकिन उस समय घटनास्थल के आसपास कोई व्यक्ति या वाहन मौजूद नहीं था। आंखों में मिर्च पाउडर होने के कारण महिला यह भी नहीं देख सकी कि आरोपी किस दिशा में भागा। कुछ ही देर में घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई।
यह भी पढ़ें :
महिला ने पुलिस को आरोपी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। शिकायत के अनुसार आरोपी की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष है। वारदात के समय उसने सफेद चेकदार कमीज, सफेद पट्टियों वाली काली पैंट और काले जूते पहन रखे थे। पुलिस अब आरोपी के हुलिए और वारदात से जुड़े अन्य सुरागों के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है।
एएसपी मेहर पंवर के अनुसार मामले को लेकर कुमारसैन थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक किशोरी लाल कर रहे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में आरोपी के संबंध में जानकारी जुटा रही है और वारदात के बाद उसके संभावित रास्ते की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
नेशनल हाईवे के किनारे दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों और कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। आरोपी जिस तरह पहले ग्राहक बनकर ढाबे पर पहुंचा और फिर महिला के अकेले होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया, उससे इलाके में चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और लोगों से भी संदिग्ध व्यक्ति के बारे में किसी तरह की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की जा रही है।

