Featured Image

गुजरात: प्रेमी संग भागी विवाहिता को पेड़ से बांधा, भीड़ के सामने यौन संबंध बनाने पर किया मजबूर!

अहमदाबाद: गुजरात के सुरेंद्रनगर से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक दर्दनाक मामला सामने आया है. एक शादीशुदा महिला अपने पति को छोड़कर दूसरे पुरुष के साथ रहने चली गई थी. आरोप है कि पति और गांव के कुछ लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर महिला के साथ बर्बरता की. सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि वहां मौजूद किसी ने भी महिला की मदद नहीं की, उल्टे लोग विभत्स घटना का वीडियो बनाते रहे.

पुलिस के मुताबिक, महिला को पहले घर में कैद किया गया. मौका पाकर वह फिर भाग गई, लेकिन बाद में पति समेत कुछ लोगों ने उसे और उस पुरुष को ढूंढकर वापस ले आए. इसके बाद सुरेंद्रनगर में महिला को पेड़ से बांधकर मारपीट की गई और उसी पुरुष से सबके सामने यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया.

आरोपियों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई. सुरेंद्रनगर के एसपी प्रेमसुख डेलू के अनुसार, वीडियो के आधार पर जांच शुरू की गई.

महिला से पूछताछ के बाद आरोपियों की पहचान की गई और कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं. मामले की जांच जारी है. यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि किसी भी नाम से की गई हिंसा और जबरदस्ती कानूनन अपराध है. भीड़ को खुद इंसाफ करने का कोई अधिकार नहीं है.