स्वीडन में 61 साल के एक शख़्स ने अपनी पत्नी को 120 पुरुषों के साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया. इस आरोप में उसे चार साल और पांच महीने की जेल की सज़ा सुनाई गई है.

अदालत ने पाया कि उसने हिंसा की धमकियों और सिक्योरिटी कैमरों के जरिए पत्नी पर नियंत्रण रखा. उस शख़्स को बलात्कार के प्रयास, दलाली, मारपीट और धमकी देने समेत कई अपराधों का दोषी करार दिया गया. यह फ़ैसला स्वीडन के पूर्वी तट पर स्थित हर्नोसांड की अदालत में सुनाया गया.

अदालत ने पैसे देकर सेक्स करने के आरोप में 28 अन्य पुरुषों को भी दोषी ठहराया. इस मामले ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है. कुछ लोगों ने इसकी तुलना फ़्रांस के डोमिनिक पेलिको मामले से की. पेलिको ने नशीला पदार्थ खिलाकर अपनी पत्नी गिजेल का नौ साल तक दूसरे पुरुषों से बलात्कार करवाया था.

स्वीडन के आंगरमानलैंड प्रांत के इस शख़्स ने अपने ऊपर लगे तमाम आरोपों से इनकार किया है और दावा किया है कि उसने केवल आपसी सहमति से होने वाली मुलाक़ातों का इंतज़ाम करने में मदद की थी.

लेकिन अदालत ने अभियोजन पक्ष की दलीलों को स्वीकार करते हुए कहा कि उसने अपनी पत्नी का “बेरहमी से शोषण” किया. कानूनी वजहों से पतिपत्नी, दोनों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. अभियोजकों के मुताबिक़, साल 2022 में इस शख़्स ने अपनी पत्नी को पैसे लेकर पुरुषों के साथ यौन संबंध बनाने के लिए मज़बूर करना शुरू किया.

अपमान और तिरस्कार की भाषा

ये पुरुष देश के अलगअलग हिस्सों से क्रामफोर्स स्थित उनके एकांत फार्महाउस पर आते थे. यह सिलसिला तब तक चलता रहा जब तक महिला ने अक्तूबर 2025 में पुलिस में शिकायत नहीं कर दी.

अभियोजन पक्ष ने कहा कि वह पत्नी को नशीले पदार्थ देता था.

महिला का पति पूर्वी स्वीडन में स्थित उनके दूरदराज के घर, सीमित सामाजिक संपर्कों और घर में लगे निगरानी कैमरों का इस्तेमाल उन्हें नियंत्रित करने के लिए करता था.

कुछ कैमरों में यौन गतिविधियां भी रिकॉर्ड हो जाती थीं.

उसने पत्नी को जान से मारने, उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाने और उसकी उंगलियां काट देने की धमकियां भी दी थीं.

स्वीडिश पब्लिक ब्रॉडकास्टर एसवीटी के मुताबिक़ महिला को पता था कि घर में कहांकहां कैमरे लगे हैं.

वो कैमरों की रेंज से बाहर एक जगह का इस्तेमाल कर वहां से भाग निकली और फिर पुलिस को फ़ोन किया.

अदालत ने पाया कि उस शख़्स ने अपनी पत्नी को सेक्सुअल एक्ट को फ़िल्माने और इसे ऑनलाइन ब्रॉडकास्ट करने के लिए मजबूर भी किया.

उसने अपनी पत्नी को ज़्यादा ग्राहक जुटाने के लिए मजबूर किया और उस पर दबाव डाला कि वो पड़ोसियों और दूसरे लोगों को भी यौन संबंध बनाने के लिए राजी करे.

अदालत ने कहा कि कई मामलों में उसने यह काम लंबे समय तक दबाव डालकर किया. इसके लिए वो अपमानजनक और तिरस्कार वाली भाषा का भी इस्तेमाल करता था.

28 पुरुषों को दोषी पाया
अदालत ने यह भी माना कि पैसे लेकर यौन संबंध बनाने की पहल पति ने की थी.

हालांकि अदालत ने बलात्कार के आठ आरोप खारिज कर दिए, क्योंकि यह साबित नहीं हो सका कि महिला की भागीदारी पूरी तरह उसकी इच्छा के ख़िलाफ़ थी.

एक मामले में यह भी साफ़ नहीं हो पाया कि वास्तव में कौनसी यौन गतिविधियां हुई थीं.

पति को जेल की सज़ा के अलावा अदालत ने उसे महिला को 2 लाख स्वीडिश क्रोना मुआवजे के रूप में देने का आदेश भी दिया.

स्वीडिश अधिकारियों ने ऐसे 120 पुरुषों की पहचान की थी, जिन्होंने पैसे देकर यौन गतिविधियों की सुविधा ली थी. लेकिन इस मामले में सिर्फ़ 29 पुरुषों पर आरोप लगाए गए.

अभियुक्तों ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया. उनके मुताबिक़ कई अभियुक्तों ने कहा कि उन्होंने महिला से यौन संबंध नहीं बनाए और न ही कोई पेमेंट किया.

फिर भी अदालत ने 28 पुरुषों को दोषी पाया. इनमें से दो पुरुषों को जेल की सज़ा सुनाई गई, जबकि बाक़ी को निलंबित सज़ा या प्रोबेशन पर छोड़ दिया गया.