
Shraddha Dubey Absconding: यूपी के लखनऊ में कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के बाद मामला लगातार उलझता जा रहा है. जिस लिव-इन पार्टनर मॉडल श्रद्धा दुबे पर शिवा को अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिराने का आरोप है, वह घटना के बाद से फरार बताई जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा अपनी बहन रश्मि के साथ नेपाल पहुंच गई है. अब जांच का सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर वारदात के बाद श्रद्धा किसके सहारे लखनऊ से निकली और नेपाल तक कैसे पहुंची?
क्या नेपाल चली गई श्रद्धा?
पुलिस की जांच के मुताबिक, घटना के बाद श्रद्धा अपने पूर्व परिचित, ड्राइवर और कुछ दूसरे लोगों के संपर्क में रही. बताया जा रहा है कि उसने चौक इलाके में कुछ लोगों से मुलाकात की और इसके बाद सीतापुर-बहराइच के रास्ते नेपाल की तरफ निकल गई. पुलिस को शक है कि दुबग्गा निवासी ड्राइवर आमिर और आलमबाग के गढ़ी कनौरा निवासी दानिश ने उसे नेपाल पहुंचाने में मदद की. सोमवार 12 अक्तूबर 2026 को हजरतगंज पुलिस ने दोनों के घरों पर दबिश दी, लेकिन वे वहां नहीं मिले. पुलिस ने उनके परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर कई अहम जानकारियां हासिल की.
फ्लैट से मिलीं उत्तेजना बढ़ाने और आपत्तिजनक चीजें
जांच के दौरान श्रद्धा के फ्लैट से पुलिस को उत्तेजना बढ़ाने वाला खिलौना, शक्तिवर्धक और नशीली दवाओं समेत कई सामान मिले हैं. पुलिस और फोरेंसिक टीम ने इन वस्तुओं को जांच के लिए भेज दिया है. रिपोर्ट आने के बाद इनका मामले से कोई संबंध है या नहीं, यह साफ हो सकेगा.
वहीं शिवा की लाश अपार्टमेंट के नीचे सिर्फ अंडरवियर में मिला था. उनकी मां रंजना ने श्रद्धा समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है. उनका आरोप है कि शिवा को झूठे मुकदमे में फंसाने और धमकाने की कोशिश की गई थी.
कई नामचीन लोगों से संपर्क की जांच
पुलिस को श्रद्धा की कॉल डिटेल से कई नामचीन लोगों से संपर्क की जानकारी मिली है. जांच में कुछ बिल्डर, इवेंट कंपनी संचालक और फैशन शो से जुड़े लोगों के नाम भी सामने आने की बात कही जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इनमें से किसी ने फरारी के दौरान श्रद्धा की मदद तो नहीं की.
पहले भी दर्ज हुआ था मुकदमा
श्रद्धा ने कुछ महीने पहले बिजनेसमैन रिजवान के खिलाफ छेड़छाड़ समेत कई धाराओं में केस दर्ज कराया था. पुलिस ने इस मामले में आरोप पत्र दाखिल किया. अब श्रद्धा पर लगे पुराने मामले और रंगदारी के आरोपों की भी जांच की जा रही है.
फिलहाल श्रद्धा और उनकी बहन की तलाश जारी है. नेपाल में श्रद्धा के पिछले कनेक्शनों को देखते हुए पुलिस की जांच अब लखनऊ से आगे बढ़ गई है. शिव की मौत के पीछे की असली परिस्थितियां और उसे भागने में किसने मदद की, इसका खुलासा श्रद्धा की गिरफ्तारी के बाद ही होगा.



