Dehradun News: देहरादून के दून अस्पताल में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान एक व्यक्ति हाथ में धारदार हथियार लेकर इमरजेंसी में पहुंच गया. आरोप है कि उसने दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति पर हमला करने की कोशिश की और डॉक्टरों व अस्पताल के कर्मचारियों के साथ भी बदसलूकी की. घटना के बाद मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई. अस्पताल की इमरजेंसी में हुई इस घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 4 बजकर 50 मिनट की है. जानकारी के मुताबिक, SP सिटी ऑफिस के पास दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था. इसी दौरान एक पक्ष का व्यक्ति दून अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंच गया. इसके पीछेपीछे दूसरा पक्ष भी अस्पताल में आ गया. आरोप है कि दूसरे पक्ष के कुछ लोगों के हाथों में चापड़ जैसे धारदार हथियार थे. अस्पताल की इमरजेंसी में अचानक हथियार लेकर लोगों के पहुंचने से वहां मौजूद मरीज और उनके तीमारदार घबरा गए. देखते ही देखते अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई. उस समय इमरजेंसी में डॉक्टर और अन्य कर्मचारी भी अपनी ड्यूटी पर मौजूद थे.
ये भी पढे़ं
गार्ड ने लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की
घटना के दौरान अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्ड ने हंगामा कर रहे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की. इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक विवाद होता रहा. इस दौरान कुछ लोग चापड़ लेकर पहुंचे व्यक्ति को पकड़कर अस्पताल से बाहर ले जाते हुए भी दिखाई दिए. आरोप है कि विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति पर हमला करने की कोशिश की. साथ ही डॉक्टरों और कर्मचारियों के साथ बदसलूकी कर उन्हें धमकाया भी. इस घटना के बाद रात में ड्यूटी करने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों में डर का माहौल है.
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
दून अस्पताल की इमरजेंसी में लगे CCTV कैमरे में हंगामे की घटना कैद हो गई है. वायरल वीडियो में एक व्यक्ति हाथ में चापड़ लेकर इमरजेंसी में दाखिल होता दिखाई दे रहा है. वह हथियार हाथ में लेकर घूमता नजर आता है. वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
बताया जा रहा कि घटना वाली जगह के पास ही पुलिस अधिकारियों के कार्यालय हैं. SSP और SP सिटी ऑफिस भी अस्पताल के आसपास स्थित है. ऐसे में पुलिस कार्यालयों के नजदीक और अस्पताल की इमरजेंसी में इस तरह की घटना होने से कानूनव्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
SP सिटी देहरादून शेखर सुयाल के मुताबिक, मरीजों के तीमारदारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति चापड़ लेकर अस्पताल पहुंच गया. पुलिस को इस मामले में शिकायत मिली है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में तथ्यों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.



