गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को दिल्ली पुलिस के सीनियर अधिकारियों और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ बैठक की. इस बैठक में बड़ी भीड़ को संभालने और कानूनव्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस की तैयारियों की समीक्षा की गई. यह बैठक राजधानी दिल्ली में हो रहे विरोध प्रदर्शनों के सिलसिले के बीच हुई है. साथ 1 नवंबर को रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन को लेकर भी चर्चा की गई.

इनमें से एक प्रदर्शन पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ NEET विवाद को लेकर था, जबकि दूसरा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर था. ज्ञानेश कुमार पर आरोप हैं कि उन्होंने मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ में गड़बड़ी की और लाखों मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए.

#WATCH | Delhi: Union Home Minister Amit Shah visited Delhi Police headquarters today and chaired a meeting with senior police officials to discuss the law and order situation in the national capital

CM Rekha Gupta was also present. https://t.co/z1VKkgGUdP

— ANI October 24, 2026

पुलिस और जनता के बीच बना रहे तालमेल

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि विरोध प्रदर्शनों को कैसे नियंत्रित किया जाए ताकि स्थिति और न बिगड़े. साथ ही, खुफिया जानकारी जुटाने की प्रक्रिया को मजबूत करने पर बात हुई. पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल बनाने की रणनीति पर भी ध्यान दिया गया. अमित शाह दोपहर करीब 3 बजे जय सिंह रोड स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे. उनके साथ मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार, विशेष और संयुक्त आयुक्त, पुलिस उपायुक्त , तथा स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे. सूत्रों ने बताया कि यह बैठक तीन घंटे से ज्यादा समय तक चली.

सोशल मीडिया ‘X’ पर एक पोस्ट में गृह मंत्री के कार्यालय ने कहा, ” गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय में सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.”

पिछले 5 महीने में हुए प्रदर्शनों पर हुई चर्चा

सूत्रों के मुताबिक, इस समीक्षा में पिछले पांच महीनों के दौरान दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों, पुलिस की कार्रवाई और भविष्य में हिंसा, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान, तथा सुरक्षा बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिशों को रोकने के उपायों पर चर्चा की गई. कई प्रदर्शनकारी समूह, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं.

एक नवंबर को रामलीला मैदान में ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली

‘इंडिया’ गठबंधन ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में एक रैली करने की घोषणा की है. जुलाई में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के ‘संसद चलो’ मार्च और 10 अक्टूबर को जंतरमंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान, दिल्ली पुलिस पर ज्यादा बल प्रयोग करने के आरोप लगे हैं, जिसके चलते वो जांच के दायरे में है. सूत्रों के अनुसार, बैठक में इन विरोध प्रदर्शनों को संभालने के पुलिस के तरीकों की समीक्षा की गई. इसमें पुलिसकर्मियों पर हमले और बैरिकेड तोड़ने की कोशिशों जैसी घटनाएं शामिल थीं.