बिहार के मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में पहुंचे एक मेहमान की कहानी इन दिनों सुर्खियों में है. इस शख्स ने बताया कि अनंत सिंह उनके जिगरी दोस्त हैं और ये दोस्ती जेल में हुई थी. उस वक्त उसके खिलाफ 32 मुकदमे दर्ज थे. उसका दावा है कि अनंत सिंह ने उसे जेल से बाहर निकलवाने में मदद की थी.

वायरल वीडियो में शख्स का दावा है कि अनंत सिंह ने उसे जेल से बाहर निकलवाने में मदद की थी. वह इस मदद को अपना बड़ा एहसान मानता है. इसी वजह से उसके मन में अनंत सिंह के प्रति खास लगाव है. शख्स ने अपनी दोस्ती को लेकर बेहद भावुक अंदाज में कहा, “हमको जेल से निकलवाए हैं, उनके लिए हम कुछ भी कर सकते हैं. किसी भी हद तक जा सकते हैं.
10 राइफल और 500 गोलियां लेकर पहुंचे थे
इस मेहमान की चर्चा सिर्फ उसकी दोस्ती की कहानी की वजह से नहीं हो रही है. बताया जा रहा है कि वह अनंत सिंह की बेटी की शादी में 10 नाल राइफल और 500 राउंड गोलियां लेकर पहुंचा था. उसने कहा कि वह ये हथियार अपनी सेफ के लिए लेकर आया है. शादी जैसे पारिवारिक समारोह में उसके इस अंदाज ने लोगों का ध्यान खींचा.
शख्स ने बताया कि शादी की तैयारी बहुत ही सुंदर है. भगवान भी खुश हैं. इस शादी का पूरे भारत में कोई जोड़ नहीं है. अनंत सिंह हमेशा से कुछ अलग करते हैं. उनका दिल बहुत बड़ा है. कई लोग पैसे होते हुए भी इस तरह के इंतजाम नहीं कर पाते हैं.
शादी में शामिल हुईं कई हस्तियां
शिवांगी और ऋषिकेश की शादी में शामिल होने के लिए कई बड़े राजनीतिक चेहरे पहुंचे. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह दोपहर के समय समारोह स्थल पर पहुंचे. पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव भी इस आयोजन का हिस्सा बने. इनके अलावा सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेताओं के साथ फिल्म और कला जगत से जुड़े मेहमानों ने भी शिरकत की.
शादी समारोह के दौरान पूरे रीतिरिवाज के साथ रस्में निभाई गईं. शिवांगी और ऋषिकेश ने एकदूसरे को वरमाला पहनाकर जीवनभर साथ निभाने का वादा किया. इसके बाद घर पर वैदिक परंपराओं के अनुसार विवाह की बाकी रस्में पूरी की गईं और दोनों ने सात फेरे लिए.
गुरुवार की सुबह जब शिवांगी की विदाई का वक्त आया तो माहौल भावुक हो गया. बेटी को विदा करते समय अनंत सिंह और परिवार के दूसरे सदस्य अपने आंसू नहीं रोक सके. शादी की खुशियों के बीच विदाई का यह पल पूरे परिवार के लिए भावुक कर देने वाला रहा.



