मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. इस बीच शार्प शूटर रेहान की मां ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उनका दावा है कि करीब 20 दिन पहले एक व्यक्ति उनके बेटे को खाना खाते समय बुलाने आया था. इसके बाद रेहान घर नहीं लौटा. मां के मुताबिक, बेटे को दो लाख रुपये कमाने का लालच देकर कोई अपने साथ ले गया था.

रेहान की मां ने बताया कि परिवार लगातार उसके मोबाइल पर फोन करता रहा, लेकिन फोन बंद आता था. घरवालों को यह जानकारी भी नहीं थी कि रेहान मुंबई चला गया है. मां के मुताबिक, रेहान ने पढ़ाई छोड़ दी थी और करीब एक महीने से गुरुग्राम में वेल्डिंग का काम सीख रहा था. बिहार के एक युवक ने उसे अपने भाई के साथ काम दिलाने की बात कही थी.
बेटे ने जो किया, वह सही नहीं था रेहान की मां
रेहान की मां ने अपनी बेबसी जाहिर करते हुए कहा कि उनके पास बेटे से मिलने मुंबई जाने तक के पैसे नहीं हैं. उन्हें यह भी नहीं पता कि उनका बेटा इस समय कहां है. उन्होंने कहा कि उनके बेटे ने जो किया, वह सही नहीं था, लेकिन उनके बेटे और जिसे गोली लगी है, दोनों को इंसाफ मिलना चाहिए. रेहान की मां ने सरकार से बेटे को अपराध की राह पर ले जाने वालों पर भी कार्रवाई की मांग की.
सोनीपत में रेहान के दोस्त समीर से भी पुलिस ने पूछताछ की. बताया जा रहा है कि समीर अवैध हथियार के मामले में रेहान के साथ जेल में बंद था.समीर से पूछताछ के लिए पुलिस ने डिटेन किया था. समीर की पुलिस ने अभी तक गिरफ्तारी नहीं की है,सिर्फ पूछताछ के लिए लेकर गई थी.
गैगस्टर अनिल पंडित ने रेहान को किया था तैयार
दरअसल, रविवार शाम अभिनेता टाइगर श्रॉफ को नशाना बनाते हुए गोलीबारी की घटना सामने आई थी. वीडियो में हमलावरों को अभिनेता की कार पर नजदीक से गोलियां चलाते देखा गया था. हालांकि, अभिनेता को मामूली चोटें आईं और वह बालबाल बच गए. घटना में उनके चालक और एक अन्य व्यक्ति को चोटें आई थीं. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया.
पुलिस ने गोलीबारी करने वाले तीन लोगों को सोमवार को कोटा रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार किया गया था. तीनों आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे. इसमें एक बिहार का रितिक उर्फ रोशन और दो आरोपी फूल सिंह और शार्प शूटर रेहान सोनीपत का रहने वाला है. तीनों की उम्र 18 से 22 साल के बीच है. पूछताछ के मुताबिक, गैंगस्टर अनिल पंडित ने रेहान को हमले के लिए तैयार किया था.
पुलिस ने बताया कि रेहान, अनिल पंडित के संपर्क में था जो लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का कथित सहयोगी माना जाता है. इसी गिरोह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इस घटना की जिम्मेदारी ली है. अनिल पंडित के इशारे पर रेहान ने कथित तौर पर अन्य आरोपियों को अपने साथ शामिल किया. मुंबई पुलिस ने तीनों आरोपियों को अपनी हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है.



