फैमिली फंक्शन, शादी, त्योहार जैसे मौकों पर घर में मेहमानों का आना जाना काफी हो जाता है. ऐसे में कई बार बच्चे भीड़ देखकर पहले ही काफी परेशान हो जाते हैं. इसके अलावा पेरेंट्स कई बार ऐसी चीजें कर देते हैं, जिससे आपके बच्चे को असहज महसूस हो सकता है और वो खुद को अनसेफ भी समझने लगता है. इसके अलावा उसके कॉन्फिडेंस पर भी बुरा असर पड़ता है. जान लेते हैं कौन सी वो 5 चीजें हैं जो पेरेंट्स को दूसरों के सामने अपने बच्चों के साथ बिल्कुल भी नहीं करनी चाहिए.

लोगों से मिलनाजुलना बच्चों में सोशल बिहेवियर की स्किल्स को अच्छा बनाने में मदद करता है. इससे बच्चे का भावनात्मक विकास भी होता है, लेकिन बच्चे के इमोशन और उसकी शारीरिक सीमाओं को भी समझना बहुत जरूरी होता है. कई बार हम जानेअनजाने कुछ ऐसा करते हैं जो बच्चे के मन को गहराई से आहत कर सकता है.
बच्चे को लेबल न दें
कई बार मेहमान घर पर आते हैं या आप उनके यहां जाते हैं तो पेरेंट्स फैमिली मेंबर या रिश्तेदार ये कहने लगते हैं कि अरे बच्चा बहुत शर्मीला है. ये बहुत शरारत करता है, ये तो रोता ही रहता है. इस तरह की बातें भले ही नॉर्मल लगती हैं, लेकिन बच्चे के नाजुक मन को ठेस पहुंचती है. वो चिड़चिड़ा हो सकता है. न खुद ऐसा करें, न दूसरों को ऐसा करने दें.
बच्चे की शारीरिक सीमाएं हैं
कई बार हम खुद कहते हैं बेटा अंकल या आंटी के पास जाओ. उनसे बात करो. अगर बच्चा ऐसा नहीं करना चाहता है तो उसे बिल्कुल भी मजबूर न करें. बच्चों को किसी के गले लगने, चूमने के लिए तो गलती से भी नहीं कहना चाहिए,क्योंकि बच्चों की भी अपनी कुछ शारीरिक सीमाएं होती हैं, भले ही वो न कह पाएं.
Getty Images
बेटा कविता सुनाओ…
भारतीय घरों में अक्सर देखने में आता है कि मेहमानों के सामने बच्चों से कहा जाता है, चलो बेटा कविता सुनाओ, पहाड़े सुनाओ या डांस करके दिखाओ. आपको ये समझने की जरूरत है कि बच्चा कोई शोपीस नहीं है.
मजाक उड़ाने की गलती न करें
कोई दूसरा अगर आपके बच्चे के रंग, पढ़ाई, आदतों, या पर्सनैलिटी को लेकर किसी तरह की टिप्पणी करता है और हंसकर मजाक करता है तो इसे बिल्कुल न करने दें. इससे बच्चे का कॉन्फिडेंस कम होता जाता है.
तुलना गलती से न करने दें
अक्सर कुछ लोगों की आदत होती है कि वो बच्चों की तुलना करते हैं. इससे न सिर्फ नेगेटिव कम्पटीशन बढ़ता है, बल्कि आपके बच्चे में हीन भावना आ सकती है. जैसे उसके नंबर देखो हमेशा तुमसे ज्यादा होते हैं. उसकी ड्राइंग तुमसे कहीं ज्यादा बेहतर है. तुम्हारा भाई तो तुमसे ज्यादा अच्छा लगता है. इस तरह की बातें किसी को भी न करने दें और खुद भी दूसरों के सामने या अकेले में ऐसी बातें न करें.



