Latur News: महाराष्ट्र के लातूर शहर से एक बेहद हैरान और विचलित कर देने वाली चोरी की घटना सामने आई है. यहां अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने चोरी जैसे जघन्य अपराध को अंजाम देने के लिए महज चार साल के एक मासूम बच्चे को अपना हथियार बना लिया. लातूर की एक अंडे की दुकान से दानपेटी चुराने के लिए चार महिलाओं ने जिस तरह से इस मासूम का इस्तेमाल किया, उसका सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हर कोई दंग रह गया है.

घटना लातूर शहर स्थित एक अंडे की दुकान की है. दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद तस्वीरों में देखा जा सकता है कि चार महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल होती हैं. उनके साथ एक चार साल का मासूम बच्चा भी मौजूद रहता है.

दुकानदार का ध्यान भटकाने के लिए महिलाएं उसके आसपास खड़ी हो जाती हैं और बच्चे को सुरक्षा कवर प्रदान करती हैं ताकि बाहर से कोई उसे देख न सके. इसके बाद महिलाओं के इशारे पर मासूम बच्चा काउंटर पर रखी दानपेटी को चुपके से उठाता है और पास में रखे एक बैग के अंदर छुपा देता है. दानपेटी गायब करने के बाद सभी महिलाएं बच्चे के साथ बड़ी आसानी से दुकान से बाहर निकल जाती हैं.

CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

दुकानदार को जब दानपेटी गायब होने का अहसास हुआ, तो उसने दुकान में लगे CCTV फुटेज खंगाले. फुटेज में मासूम बच्चे द्वारा दानपेटी चोरी करने और महिलाओं द्वारा उसे शह देने की पूरी वारदात साफ दिखाई दे रही है. पीड़ित दुकानदार की शिकायत के बाद लातूर शहर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान की जा रही है और जल्द ही इस गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

लातूर में सक्रिय है बच्चों से चोरी कराने वाला गिरोह?

स्थानीय निवासियों का कहना है कि लातूर शहर में पिछले कुछ समय से इस तरह के कई मामले सामने आ रहे हैं, जहाँ बच्चों का इस्तेमाल कर दुकानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से कीमती सामान और नकदी चुराई जा रही है. इस घटना ने समाज और प्रशासन के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि अगर खुद महिलाएं या अभिभावक बच्चों को बचपन से ही अपराध और चोरी के रास्ते पर धकेलेंगे, तो आने वाली पीढ़ी का भविष्य क्या होगा? फिलहाल इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल है.