NSE IPO: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज अपना मेगा इनिशियल पब्लिक ऑफर लॉन्च करने की तैयारी में है. माना जा रहा है कि 30,000 करोड़ रुपये का ये इश्यू प्राइमरी मार्केट के सारे पुराने कीर्तिमान ध्वस्त कर देगा. अब तक हुंडई मोटर इंडिया के नाम सबसे बड़े IPO का ताज था, लेकिन NSE की एंट्री से सारे समीकरण बदलने वाले हैं.

देश का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू
NSE का प्रस्तावित IPO करीब 30,000 करोड़ रुपये का होने का अनुमान है. इससे पहले अक्टूबर 2024 में हुंडई मोटर ने 27,870 करोड़ रुपये जुटाए थे. वहीं मई 2022 में LIC 21,000 करोड़ रुपये के इश्यू के साथ बाजार में उतरी थी. अब NSE इन दोनों दिग्गज कंपनियों को पीछे छोड़ने जा रहा है. अगर इस आकार पर लिस्टिंग होती है, तो NSE का मार्केट कैप 5 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच सकता है. ये आंकड़ा एक्सचेंज को भारत की टॉप 10 सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनियों की सूची में खड़ा कर देगा.
पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल
ये बात ध्यान रखने वाली है कि NSE का इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल होगा. मौजूदा संस्थागत निवेशक अपने 14.9 करोड़ शेयर बाजार में उतारेंगे. एक्सचेंज की तरफ से कोई भी नया शेयर जारी नहीं किया जाएगा. ग्रेमार्केट के रुझानों पर नजर रखने वाले जानकारों का मानना है कि NSE के शेयरों की कीमत करीब 2,000 रुपये प्रति शेयर तय की जा सकती है.
हुंडई,LIC की लिस्टिंग हुई थी कमजोर
निवेशकों के लिए पुराने रिकॉर्ड देखना भी जरूरी है. भारत के दो सबसे बड़े इश्यू की शुरुआत शेयर बाजार में काफी सुस्त रही थी. हुंडई मोटर का शेयर इश्यू प्राइस से नीचे 1,934 रुपये पर लिस्ट हुआ था. इस मेगा इश्यू में रिटेल निवेशकों की भागीदारी काफी ठंडी रही थी, हालांकि क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स ने लगभग 700 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन देकर मामले को संभाल लिया था. ठीक इसी तरह LIC के शेयर ने भी निवेशकों को निराश किया था. LIC का शेयर 949 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले करीब 8 प्रतिशत डिस्काउंट के साथ 872 रुपये पर लिस्ट हुआ था. LIC के समय रिटेल व संस्थागत निवेशकों ने जमकर पैसा लगाया था, लेकिन विदेशी निवेशकों ने दूरी बनाए रखी थी.
तारीखों को लेकर बड़ा अपडेट
अब सबकी निगाहें NSE की टाइमलाइन पर टिकी हैं. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक 11 सितंबर से बुकबिल्डिंग की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है. माना जा रहा है कि इसी दिन प्राइस बैंड का भी ऐलान किया जा सकता है. इसके बाद 21 सितंबर वाले हफ्ते में कंपनी का स्टॉक बाजार में डेब्यू कर सकता है. इस इश्यू से बाजार में बड़ी लिक्विडिटी आने की उम्मीद है.



