भारत में इन दिनों लोगों के बीच बड़ी SUV गाड़ियों का क्रेज बढ़ता ही जा रही है. अब बड़ी संख्या में कस्टमर्स छोटी हैचबैक या सेडान खरीदने के बजाय ऊंची और पॉवपफुल कारें खरीदना पसंद कर रहे हैं. यही वजह है कि बीते कुछ सालों में SUV की मांग भी बढ़ गई है. लेकिन बड़ी कारों के बढ़ते क्रेज ने सड़कों के साथ शहरों के पार्किंग सिस्टम के लिए टेंशन बढ़ा दी है. कई जगह तो स्थिति यह हो गई है कि पुरानी पार्किंग जगहें अब इन भारीभरकम SUV गाड़ियों के लिए छोटी पड़ने लगी हैं. यही कारण है कि रियल एस्टेट बिल्डरों को भी अपने बेसमेंट के नक्शे बदलने पड़ रहे हैं, वहीं कार कंपनियों को भी छोटी और कम जगहों में गाड़ी पार्क करने के लिए हाईटेक कैमरों और सेंसर की मदद लेना पड़ रहा है.

दरअसल, बीते कुछ सालों में भारतीयों की पसंद काफी ज्यादा बदली है. अब लोग बड़ी गाड़ियों की तरफ ज्यादा भाग रहे हैं. जिसका असर मैकेनिकल पार्किंग सिस्टम पर भी देखने को मिल रहा है. लगभग 20 साल पहले कंपनी पार्किंग सिस्टम तैयार करते समय 30 फीसदी SUV और 70 फीसदी सेडान कारों को ध्यान में रखती थी. लेकिन अब यह आंकड़ा पूरी तरह से बदल गया है. अभी की मांग को देखते हुए लगभग 80 फीसदी SUV और 20 फीसदी सेडान कारों के लिए पार्किंग तैयार की जाती है.
अब ज्यादा वजन उठा सकेंगे पार्किंग सिस्टम
का साइज बड़ा होता ही है, साथ ही उनका वजन भी ज्यादा होता है. इलेक्ट्रिक कारों के बढ़ते इस्तेमाल ने भी यह नई चुनौती बढ़ाई है. ऐसे में पार्किंग सिस्टम को पहले के मुकाबले ज्यादा मजबूत बनाना पड़ रहा है. पहले जहां दो टन वजन उठाने वाले सिस्टम नार्मल थे, वहीं अब कंपनियां 2.6 टन क्षमता वाले सिस्टम लगा रही हैं. कुछ सिस्टम 3.2 टन तक वजन उठाने में सक्षम हैं. इसके साथ ही गाड़ियों की चौड़ाई और ऊंचाई को देखते हुए प्लेटफॉर्म के डिजाइन में भी बदलाव किया जा रहा है.
बिल्डिंग में भी बदलनी होगी पार्किंग की जगह
पार्किंग को लेकर रियल एस्टेट कंपनियों के सामने बड़ी चुनौती यह है कि सीमित जगह में ज्यादा गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था तैयार करना. बड़ी SUV के लिए चौड़ी पार्किंग और गाड़ी मोड़ने के लिए ज्यादा जगह की जरूरत होती है. इससे बेसमेंट में पार्किंग स्पेस की संख्या पर असर पड़ रहा है.
कारों में बढ़ रही पार्किंग टेक्नोलॉजी की मांग
बड़ी SUV को छोटी गलियों, छोटे पार्किंग स्लॉट और तंग बेसमेंट में संभालना आसान काम नहीं होता है. यही कारण है कि कार कंपनियां रियर व्यू कैमरा, पार्किंग सेंसर और 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स पर ज्यादा फोकस कर रही हैं.
एक्सपर्ट्स के अनुसार बड़ी SUV में इन फीचर्स की मांग तेजी से बढ़ रही है. इस साल बिकने वाली हर दो नई कारों में से लगभग एक में रियर व्यू कैमरा दिया जा रहा है. वहीं, अक्टूबर 2026 तक 1.8 मीटर या इससे ज्यादा चौड़ी कारों की हिस्सेदारी बढ़कर 32.1 फीसदी हो गई है. साल 2019 के मुकाबले यह दोगुने से भी ज्यादा है. इससे यह साफ है कि SUV का बढ़ता चलन अब कारों के डिजाइन के साथ शहरों की पार्किंग व्यवस्था को भी बदल रहा है.



