कहीं पुलिस पर छोड़ दिए कुत्ते, तो कहीं SHO पर चढ़ा दी गाड़ी हिमाचल में नशा तस्कर बेखौफ

ऊना। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी अब कानून के रखवालों से ही भिड़ने से पीछे नहीं हट रहे हैं। बीते कल भी नशा तस्करों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर कुत्ता छोड़ने का मामला सामने आया था। अब ताजा मामला ऊना जिले से सामने आया है, जहां चेकिंग के दौरान पकड़े जाने के डर से दो नशा तस्करों ने ड्यूटी पर तैनात SHO को ही गाड़ी से टक्कर मार दी और मौके से भागने की कोशिश की।
पुलिस को नकड़ोह इलाके में नशे की तस्करी को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद अम्ब पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय स्पीड बढ़ा दी।
कार चालक ने सामने खड़े SHO विपिन कुमार को टक्कर मार दी और वहां से भागने लगा। हादसे में SHO घायल हो गए। हालांकि, पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए कार का पीछा शुरू कर दिया और कुछ ही दूरी पर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस ने कार रोकने के बाद दोनों आरोपियों की तलाशी ली। इस दौरान उनके कब्जे से 5.77 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्जुन सिंह के नकड़ोह स्थित घर पर भी दबिश दी। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को 8.73 ग्राम चिट्टा और मिला। पुलिस ने बरामद नशे को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन सिंह उर्फ जोनी, निवासी वार्ड नंबर4, कैलाश नगर, नकड़ोह और जसकीरत सिंह, निवासी देवनगर, गगरेट के रूप में हुई है।
DSP अम्ब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और पुलिस अधिकारी को गाड़ी से टक्कर मारने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
घायल SHO विपिन कुमार को इलाज के लिए सिविल अस्पताल अम्ब ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड मांगेगी। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि आरोपी चिट्टा कहां से लाते थे और इस नशा नेटवर्क से और कौनकौन लोग जुड़े हुए हैं।
बता दें कि यह मामला जिला हमीरपुर के टियाला द घट इलाके का है। यहां पर पुलिस को देर रात नशे की खेप होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम कार्रवाई करने मौके पर पहुंची। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को रोकने के लिए उन पर खूंखार कुत्ता छोड़ दिया। कुत्ते ने एक पुलिसकर्मी पर हमला कर उसे बुरी तरह काट लिया। हमले में पुलिसकर्मी के पेट पर गंभीर चोटें आई हैं।



