देश की सबसे बड़ी आईटी सर्विसेज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज ने वित्त वर्ष 202627 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 5% बढ़कर 13,349 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 12,760 करोड़ रुपये था.

कंपनी के बोर्ड ने शेयरधारकों के लिए 12 रुपये प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड देने को मंजूरी दी है. इसके लिए 15 जुलाई को रिकॉर्ड डेट तय की गई है.

आय में 14% की बढ़ोतरी

अप्रैलजून तिमाही में TCS की ऑपरेशंस से होने वाली आय 14% बढ़कर 72,275 करोड़ रुपये हो गई. पिछली तिमाही की तुलना में कंपनी की आय रुपये के हिसाब से 2.2% और कॉन्स्टेंट करेंसी के आधार पर 0.4% बढ़ी.

इस दौरान कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन 24% और नेट मार्जिन 19.2% रहा. कंपनी ने बताया कि इन आंकड़ों में किसी तरह के असाधारण मद शामिल नहीं हैं. ऑपरेशंस से कंपनी के पास 12,412 करोड़ रुपये का नेट कैश आया, जो उसके कुल मुनाफे का 93% है.

AI बिजनेस में मजबूत बढ़त

तिमाही के दौरान TCS का ऑर्डर बुक 9.5 अरब डॉलर का रहा. इसमें SKF के साथ 80 करोड़ डॉलर का AI आधारित ट्रांसफॉर्मेशन प्रोजेक्ट, ServiceNow के साथ रणनीतिक साझेदारी और यूरोप की Fortune Global 50 कंपनी के साथ मल्टीमिलियन डॉलर की डील शामिल है.

कंपनी ने बताया कि उसका AI बिजनेस का वार्षिक रन रेट 2.6 अरब डॉलर तक पहुंच गया है, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 13.6% ज्यादा है. कंपनी को AI, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, SaaS, आईटी ऑपरेशंस और बिजनेस सर्विसेज से जुड़े कई बड़े ऑर्डर मिले हैं.

कर्मचारियों की संख्या और वेतन वृद्धि

जून 2026 के अंत तक TCS में कुल 5,93,798 कर्मचारी थे. पिछले 12 महीनों में कंपनी का एट्रिशन रेट 13.6% रहा.कंपनी ने इस तिमाही में दुनियाभर के सभी कर्मचारियों के लिए वार्षिक वेतन वृद्धि लागू की. साथ ही भारत के नए लेबर कोड के अनुरूप वेतन संरचना में भी बदलाव किया गया.

किन सेक्टरों और बाजारों में रहा प्रदर्शन?

बिजनेस सेगमेंट की बात करें तो BFSI कारोबार में सालाना आधार पर 2.4% की बढ़त दर्ज की गई. वहीं टेक्नोलॉजी और सर्विसेज सेगमेंट में भी सुधार देखने को मिला.

भौगोलिक आधार पर भारत TCS का सबसे तेज़ी से बढ़ने वाला बाजार रहा, जहां सालाना आधार पर कारोबार 22.9% बढ़ा. वहीं कंपनी के सबसे बड़े बाजार उत्तरी अमेरिका में सालाना आधार पर 2% की बढ़ोतरी हुई.

CEO और CFO ने क्या कहा?

TCS के CEO के. कृतिवासन ने कहा कि वैश्विक आर्थिक और भूराजनीतिक चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने मजबूत प्रदर्शन किया है. ग्राहकों का AI, साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड और मॉडर्नाइजेशन पर निवेश लगातार बढ़ रहा है.

वहीं CFO समीर सेक्सरिया ने कहा कि कंपनी AI क्षमताओं को मजबूत करने, रणनीतिक साझेदारियां बढ़ाने और लंबी अवधि की प्रतिस्पर्धा बनाए रखने पर फोकस कर रही है. साथ ही लाभप्रदता और रिटर्न को भी बनाए रखने की दिशा में काम जारी रहेगा.