देश की शीर्ष अदालत ने दिल्ली दंगों से जुड़ा बड़ी साजिश के मामले में आज उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिका पर सुनवाई की. सुप्रीम कोर्ट ने खालिद और इमाम दोनों को ही जमानत देने से इनकार कर दिया. चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच मामले की सुनवाई कर रही थी.

अदालत ने कहा कि वह अंतरिम जमानत की मांग पर विचार करने से पहले पुलिस का पक्ष सुनना चाहेगी. इस संबंध में कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को नोटिस भी जारी किया है.

कपिल सिब्बल ने दी दलील

उमर खालिद की तरफ से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल पेश हुए. उन्होंने अंतरिम जमानत मांगने की अर्जी पर विचार करने के लिए कहा. इस पर CJI सूर्य कांत ने कहा आज नहीं.

कपिल सिब्बल ने कहा कि उमर खालिद 6 साल से अधिक समय से हिरासत में है. इस पर जस्टिस बागची ने कहा कि आपने अंतरिम राहत की मांग की है. पहले दूसरे पक्ष को इस पर जवाब देने दें.

3 जजों की बेंच होगी गठित

चीफ जस्टिस बोले कि इस मुद्दे पर सुनवाई के लिए 3 जजों की बेंच का गठन किया जाना है. शरजील इमाम की ओर से पेश हुए वकील सिद्धार्थ दवे ने अपनी आपत्ति जाहिर की. तब सीजेआई ने कहा कि मिस्टर दवे, अलगअलग विचारों के टकराव को देखते हुए इस पर गहराई से विचार करना होगा.

कपिल सिब्बल ने बेंच से अपील की कि मामले को जल्द से जल्द सुनवाई के लिए लगाया जाए. इस पर अदालत ने कहा कि हमें तथ्यों की जानकारी है और हमने अपना होमवर्क कर लिया है.

1 साल की शर्त हो रही पूरी

सिब्बल के यह पूछने पर कि क्या इस मामले को अंतरिम राहत की सुनवाई के लिए लिस्ट किया जा सकता है, सीजेआई ने कहा कि मुख्य मामले को लिस्ट किया जाएगा.

बता दें कि 5 जनवरी 2026 को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एन.वी. अंजारिया की बेंच ने इमाम और खालिद को जमानत देने से इनकार कर दिया था. हालांकि इसी मामले में गुलफिशा फातिमा समेत पांच अन्य आरोपियों को जमानत दे दी गई थी.

तब अदालत ने 1 साल तक जमानत न देने की शर्त लगाई थी. याचिकाकर्ताओं ने यह दलील दी कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाई गई एक साल की रोक जल्द ही खत्म होने वाली है. ऐसे में लंबे समय से जेल में बंद होने के कारण उन्हें जमानत दी जानी चाहिए.