उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शिवा हत्याकांड के 9 दिन हो चुके हैं. इस वारदात में आरोपी श्रद्धा दुबे की तलाश में पुलिस की 8 टीमें लखनऊ से रायबरेली तक और बहराईच से नेपाल तक की गलियों की खाक छान रही है. लेकिन श्रद्धा भी पुलिस से चार कदम आगे चल रही है. इसी बीच एक बड़ा इनपुट सामने आया है. इसमें दावा किया गया है कि श्रद्धा इस समय लखनऊ में ही है और कभी भी सरेंडर कर सकती है.

श्रद्धा दुबे लखनऊ की कोर्ट में सरेंडर अर्जी पहले ही दाखिल कर चुकी है. ऐसे हालात में कहा जा रहा है कि श्रद्धा और पुलिस के बीच तू डालडाल मैं पातपात का खेल चल रहा है. इस इनपुट के बाद लखनऊ पुलिस अलर्ट हो गई है. हालांकि सर्विलांस टीम अभी तक उसे ट्रेस नहीं कर पायी है. पुलिस सूत्रों का ही कहना है कि श्रद्धा बीते कई घंटे से राजधानी लखनऊ में है. ऐसे में पुलिस उसके कांटेक्ट तलाशने की कोशिश कर रही है.

ड्राइवर के घर पहुंची एसटीएफ

नए इनपुट के बाद यूपी एसटीएफ की टीम श्रद्धा दुबे के ड्राइवर दानिश के घर पहुंची है. इससे पहले भी कई बार एसटीएफ व लोकल पुलिस दानिश के घर रेड कर चुकी है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक श्रद्धा ने अपने वकील के जरिए शुक्रवार को ही लखनऊ कोर्ट में सरेंडर अर्जी दाखिल कर दी थी. खबर लगते ही पुलिस में हड़कंप मच गया. इसी बीच उसकी लोकेशन लखनऊ में मिलने के बाद पुलिस और मीडिया की हलचल तेज हो गई है.

थाने में सरेंडर करेगी श्रद्धा!

पुलिस सूत्रों के मुताबिक कोर्ट में सरेंडर अर्जी लगाने के बावजूद श्रद्धा कोर्ट नहीं पहुंची. ऐसे में बहुत संभव है कि वह लखनऊ पुलिस के सामने सरेंडर करे. ऐसी आशंका जताई जा रही है कि श्रद्धा डीसीपी सेंट्रल के दफ्तर या हजरतगंज थाने में सरेंडर कर सकती है. बताया जा रहा है कि सरेंडर करने के लिए श्रद्धा के साथ उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश भी आ सकता है. हालांकि पुलिस अभी पुष्टि नहीं कर रही.

2525 हजार का है इनाम

शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश के खिलाफ 2525 हजार रुपए का इनाम घोषित है. इन तीनों के खिलाफ लखनऊ की कोट ने गैर जमानती वारंट भी जारी किया था, उसके बाद श्रद्धा की लोकेशन दिल्ली में मिली. हालांकि अब तक पुलिस उसकी सही लोकेशन ट्रेस नहीं कर पायी है. सूत्रों के मुताबिक सरेंडर ने पुलिस को कुछ दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं, बताया ज रहा है कि वह मामले में सरकारी गवाह बन सकती है.