शिमला। हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने ग्रामीण परिवारों को आर्थिक राहत देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ लागू कर दी है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।

अपना परिवार सुखी परिवार योजना लागू

योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों की 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही पात्र परिवारों को प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध करवाने का भी प्रावधान किया गया है। सरकार की ओर से इस योजना को 11 दिसंबर को सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर लागू करने की घोषणा की गई है।

यह भी पढ़ें :

क्या है इस योजना का लाभ?

योजना को ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधारने और उन्हें रोजमर्रा के खर्चों में राहत देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसमें महिलाओं को सीधे आर्थिक सहायता देने के साथ बिजली बिल का बोझ कम करने पर भी जोर दिया गया है।

किसको मिलेगा योजना का लाभ?

हालांकि, योजना का लाभ सभी ग्रामीण परिवारों को स्वतः नहीं मिलेगा। इसके लिए सरकार ने पात्रता से जुड़े कुछ नियम और शर्तें निर्धारित की हैं। लाभार्थियों का चयन ग्रामीण परिवारों के सर्वेक्षण और सरकार की ओर से तय किए गए मानदंडों के आधार पर किया जाएगा।

यह भी पढ़ें :

किसको हर महीने मिलेंगे 1500 रुपये?

योजना का सबसे अहम प्रावधान ग्रामीण परिवारों की महिलाओं को मिलने वाली 1500 रुपये की मासिक आर्थिक सहायता है। इसके तहत 18 से 59 वर्ष की आयु वाली पात्र महिला को प्रत्येक महीने 1500 रुपये दिए जाएंगे। यह राशि सीधे महिला के बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से भेजी जाएगी। इससे आर्थिक सहायता वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने और बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने में मदद मिलेगी।

क्या रखी गई हैं शर्तें?

हालांकि, इस राशि का लाभ लेने के लिए महिला को शर्तें पूरी करनी होगी। ऐसी महिलाएं इस योजना के तहत पात्र नहीं होंगी, जो कि

  • केंद्र या प्रदेश सरकार की किसी अन्य समान प्रकृति वाली नियमित आर्थिक सहायता योजना का लाभ पहले से प्राप्त कर रही हैं।
  • यानी एक ही तरह की मासिक आर्थिक सहायता का दोहरा लाभ नहीं दिया जाएगा।
  • भुगतान की प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए आधार प्रमाणीकरण और ekyc अनिवार्य व्यवस्था का हिस्सा होंगे।
  • महिला का बैंक खाता आधार पेमेंट ब्रिज से जुड़ा और भुगतान प्राप्त करने के लिए सक्षम होना चाहिए।

यह भी पढ़ें :

हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली

सुक्खू सरकार ने अपनी इस योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को बिजली बिल में भी राहत देने का प्रावधान किया गया है। योजना के तहत पात्र परिवार को हर महीने अधिकतम 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलेगी। इस सुविधा को हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के माध्यम से लागू किया जाएगा।

किन परिवारों को मिलेगी मुफ्त बिजली?

इस प्रावधान में एक महत्वपूर्ण बात यह है कि 300 यूनिट बिजली की सीमा प्रति मीटर अलगअलग नहीं होगी, बल्कि पूरे परिवार के लिए निर्धारित होगी। पात्र परिवार के अधिकतम दो घरेलू बिजली मीटरों पर कुल मिलाकर 300 यूनिट प्रतिमाह तक मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा। उदाहरण के तौर पर अगर किसी परिवार के पास दो घरेलू बिजली मीटर हैं तो दोनों मीटरों की कुल खपत को मिलाकर 300 यूनिट की सीमा निर्धारित होगी। इसका अर्थ यह है कि परिवार को प्रत्येक मीटर पर अलगअलग 300 यूनिट मुफ्त बिजली नहीं मिलेगी।

यह भी पढ़ें : 

कैसे होगा लाभार्थियों का चयन?

सरकार ने योजना को लागू करने के लिए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग को नोडल विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है। पात्र परिवारों की पहचान के लिए ग्रामीण परिवार सर्वेक्षण और सरकार की ओर से निर्धारित समावेशन एवं अपवर्जन मानदंडों को आधार बनाया जाएगा। यानी केवल ग्रामीण क्षेत्र में निवास करना ही योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पर्याप्त नहीं होगा। परिवार को निर्धारित पात्रता शर्तों पर खरा उतरना होगा।

कहां दर्ज होगा रिकॉर्ड?

योजना के लिए पात्र परिवारों का सत्यापित डेटाबेस तैयार किया गया है। इस डेटाबेस को MMAP पोर्टल के माध्यम से अपडेट रखा जाएगा। प्रत्येक पात्र परिवार की अलग डिजिटल पहचान और रिकॉर्ड तैयार होगा जिसमें परिवार के सदस्यों, उनकी स्थिति और योजना से संबंधित आवश्यक जानकारियां दर्ज रहेंगी। इस डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य लाभार्थियों की पहचान को अधिक सटीक बनाना है

यह भी पढ़ें : 

हर परिवार के लिए बनेगा हाउसहोल्ड डेवलपमेंट प्लान

‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ में केवल आर्थिक सहायता और मुफ्त बिजली देने तक ही व्यवस्था सीमित नहीं रखी गई है। इसके तहत प्रत्येक पात्र परिवार के लिए हाउसहोल्ड डेवलपमेंट प्लान यानी परिवार विकास योजना तैयार करने का भी प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य ये ध्यान में रखना है कि

  • परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन कर उसके समग्र विकास के लिए जरूरी कदम उठाना है।
  • संबंधित परिवार को किन सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
  • परिवारों की क्या जरूरतें हैं?
  • परिवारों को किन सुविधाओं की कमी है? 

यह भी पढ़ें : 

किसके पास है जिम्मेदारी?

प्रत्येक परिवार का हाउसहोल्ड डेवलपमेंट प्लान तैयार करने की जिम्मेदारी संबंधित SDM को दी गई है। SDM परिवार की जरूरतों और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं का आकलन कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे।

पंचायत सचिवों को भी मिली अहम जिम्मेदारी

वहीं, जिला स्तर पर योजना की निगरानी संबंधित उपायुक्त करेंगे। पंचायत सचिवों को भी इस व्यवस्था में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे प्रत्येक पात्र परिवार की सालाना समीक्षा करेंगे। यदि परिवार की आर्थिक या सामाजिक स्थिति में बदलाव आता है अथवा उसकी पात्रता से जुड़ी कोई जानकारी बदलती है, तो उसे MMAP पोर्टल पर दर्ज करना होगा। इससे परिवारों की वास्तविक स्थिति के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें :

कहां कर सकते हैं शिकायत?

योजना के क्रियान्वयन में किसी तरह की परेशानी आने पर लाभार्थियों को शिकायत दर्ज करवाने का अधिकार भी दिया गया है। यदि किसी पात्र परिवार को योजना का लाभ नहीं मिलता या उसे पात्रता, आर्थिक सहायता अथवा भुगतान से संबंधित कोई शिकायत है तो वह संबंधित BDO के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है।

कितने दिन में होगी कार्रवाई?

सरकार की ओर से शिकायतों के निपटारे के लिए 15 दिनों की समयसीमा निर्धारित की गई है। यानी बीडीओ को शिकायत मिलने के 15 दिनों के भीतर उस पर निर्णय लेना होगा। अगर कोई लाभार्थी BDO के पात्रता संबंधी फैसले से संतुष्ट नहीं है तो उसे अपील करने का अवसर भी मिलेगा। इसके लिए संबंधित व्यक्ति BDO के फैसला के सात दिनों के अंदर उपमंडल अधिकारी यानी SDM के समक्ष अपील कर सकता है। एसडीएम को इस अपील पर भी 15 दिनों के अंदर फैसला लेना होगा।

यह भी पढ़ें : 

गलत जानकारी देकर लाभ लेने वालों से होगी वसूली

सरकार ने योजना में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के लिए गलत तरीके से लाभ प्राप्त करने वालों के खिलाफ भी प्रावधान किया है। जैसे

  • अगर कोई व्यक्ति गलत जानकारी देकर या निर्धारित पात्रता शर्तों का उल्लंघन कर आर्थिक सहायता प्राप्त करता पाया जाता है तो उससे योजना के तहत गलत तरीके से ली गई राशि की वसूली की जा सकेगी।
  • इसके लिए लाभार्थियों का डिजिटल रिकॉर्ड, आधार प्रमाणीकरण और नियमित समीक्षा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
  • पंचायत सचिवों की ओर से की जाने वाली वार्षिक समीक्षा के दौरान परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति की जानकारी अपडेट की जाएगी।
  • अगर किसी परिवार की पात्रता समाप्त हो जाती है या पहले दी गई जानकारी गलत पाई जाती है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकेगी।
  • सरकार का मानना है कि डिजिटल रिकॉर्ड और जवाबदेही की व्यवस्था से योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें :

3 विभागों के जिम्मे होगी अलगअलग जिम्मेदारी

योजना को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए अलगअलग विभागों को उनकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसमें

  • ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग योजना का नोडल विभाग होगा। यह विभाग समग्र क्रियान्वयन, लाभार्थियों की पहचान और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का काम करेगा।
  • महिलाओं को मिलने वाली 1500 रुपये की मासिक आर्थिक सहायता के वितरण की जिम्मेदारी अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्षम विभाग को दी गई है।
  • पात्र ग्रामीण परिवारों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड की होगी।

यह भी पढ़ें : 

1500 रुपये की गारंटी पर उठते रहे सवाल

गौरतलब है कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने की गारंटी दी थी। पार्टी ने वादा किया था कि 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। इस गारंटी को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और उन्हें वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने के बड़े वादे के तौर पर पेश किया गया था।

अब तक कितनी महिलाओं को मिले 1500?

हालांकि, सरकार के कार्यकाल के चार साल पूरे होने के करीब पहुंचने के बावजूद इस वादे को लेकर सवाल उठते रहे हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अब तक केवल करीब 51 हजार महिलाओं को ही एक किस्त मिल पाई है। ऐसे में नई योजना की अधिसूचना जारी होने के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पात्र महिलाओं की पहचान और भुगतान की प्रक्रिया कितनी तेजी से पूरी होती है तथा कितने परिवारों को इसका वास्तविक लाभ मिल पाता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें