
हाल ही में अपनी कप्तानी में भारत को एशियन गेम्स-2026 में गोल्ड मेडल दिलाने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बड़ा फैसला किया है। उन्होंने मंगलवार को तीनों फॉर्मेट की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने एक बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी है।
हरमनप्रीत कौर ने मिताली राज के बाद टीम की कप्तानी संभाली थी और भारत को पिछले साल पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब दिलाया था। उनकी कप्तानी में भारत ने तीनों फॉर्मेट में शानदार सफलता हासिल की है।
आसान नहीं था फैसला
हरमनप्रीत ने कहा है कि उनके लिए यह फैसला आसान नहीं था। उन्होंने लिखा, “आज, मैं तीनों फॉर्मेट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी से इस्तीफा देती हूं। यह आसान फैसला नहीं रहा है। इसमें वो सारी यादें, पल, भावनाएं और बलिदान हैं जो जीवन भर मेरे साथ रहेंगे।”
उन्होंने लिखा, “मेरे पास जो था वो मैंने इस टीम और भारतीय महिला क्रिकेट को दिया है- मेरा खून, मेरा पसीना, मेरा समय, कई बार, मेरे खेल का हिस्सा और मेरी जिंदगी का लक्ष्य। कई ऐसे पल आए जब मैंने अपनी निजी उपलब्धियों, निजी ग्रोथ, जो मैं अपने लिए चाहती थी उसे अलग रखा क्योंकि मेरा मानना था कि टीम पहले आती है।”



