चार राज्यों की 28 विधान परिषद सीटों पर हुए चुनाव का रिजल्ट घोषित करने के लिए आज वोटों की गिनती हो रही है. इस बीच बिहार की राजधानी पटना में काउंटिंग सेंटर के बाहर हंगामा हुआ है. आरोप लगाया गया कि काउंटिंग सेंटर से फाइलों के बंडल को बाहर लाया गया है. सेंटर पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने फाइल बाहर लाने वालों को पकड़ लिया.

बांकीपुर गर्ल्स स्कूल स्थित काउंटिंग सेंटर पर CCTV कैमरे नहीं होने के आरोप लगे हैं. जन सुराज पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने इसका विरोध जताया. उन्होंने जैसे ही दो सरकारी कर्मचारियों के हाथों में कागजों से भरा बैग देखा वैसे ही उन्होंने बैग में रखे दस्तावेज दिखाने की मांग की. सरकारी कर्मचारियों के बैग न दिखाने को लेकर मतगणना केंद्र के बाहर तनाव बढ़ गया. हालांकि बाद में कर्मचारियों को बैग खोलकर दिखाना पड़ा.

पटना सीट पर दिलचस्प मुकाबला

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के रिजल्ट पर लोगों की खास नजर है. यहां जेडीयू के नीरज कुमार और जन सुराज के अनुज सिंह के बीच मुकाबला चर्चा में रहा है. इस सीट पर अनुज सिंह को मोकामा के विधायक अनंत सिंह का समर्थन भी मिला था.

दरअसल, बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर आज रिजल्ट जारी हो रहा है. इन सीटों के लिए पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और छपरा में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं. मतगणना के साथ ही 150 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला हो जाएगा. इन सीटों में 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक सीटें हैं, जबकि पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं. बिहार में एमएलसी चुनाव काफी दिलचस्प रहा है. यहां भारतीय जनता पार्टी ने 4 सीटों पर दांव लगाया है. वहीं, उसकी सहयोगी जेडीयू ने बाकी 4 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं. इसके अलावा प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं. ऐसे में चुनाव के नतीजे इन दलों के प्रदर्शन के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं.

बिहार की 8 MLC सीटों पर 23 अक्टूबर को हुई वोटिंग

एमएलसी चुनाव के लिए इन 8 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को वोट डाले गए थे. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, मतदान के दौरान शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में स्नातक सीटों के मुकाबले ज्यादा वोटिंग हुई थी. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 43.87 फीसदी और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 74.55 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था.