Mother Torture Son Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के राधानगर थाना क्षेत्र के फुलवामऊ गांव से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. यहां महज 5 रुपये के विवाद में एक मां पर अपने ही मासूम बेटे के साथ बेरहमी की सारी हदें पार करने का आरोप लगा है. आरोप है कि बच्चे ने 20 रुपये में 15 रुपये का गुटखा खरीदकर 5 रुपये खर्च कर दिए, जिससे नाराज मां ने पहले उसकी जमकर पिटाई की और फिर गर्म चाकू से उसके दोनों तलवों को दाग दिया. इतना ही नहीं, बच्चे को तीन दिन तक कमरे में बंद रखे जाने का भी आरोप है.

जानकारी के अनुसार, मासूम की चीखपुकार सुनकर पड़ोसियों को शक हुआ. जब उन्होंने हस्तक्षेप किया तो बच्चे की हालत देखकर सभी दंग रह गए. पड़ोसियों ने किसी तरह बच्चे को मां के चंगुल से बाहर निकाला और मामले की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही राधानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया.

आरोपी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बच्चे के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. इस मामले में बच्चे के पिता विनय सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी मां गुड़िया के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

घटना ने पूरे गांव को दिया झकझोर

ग्रामीणों का कहना है कि घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है. लोगों का मानना है कि किसी भी परिस्थिति में मासूम बच्चे के साथ इस तरह की क्रूरता स्वीकार नहीं की जा सकती. पड़ोसियों की सतर्कता से बच्चे की जान बच सकी, अन्यथा मामला और भी गंभीर हो सकता था. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

अगर जांच में गर्म चाकू से तलवे दागने और तीन दिन तक कमरे में बंद रखने के आरोप सही पाए जाते हैं, तो आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं मासूम का उपचार जारी है और उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है.