शेयर बाजार में आज सुस्ती के माहौल के बीच देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के शेयरों में जबरदस्त हलचल देखी जा रही है. विदेशी ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने इस दिग्गज ऑटो स्टॉक पर अपना भरोसा जताते हुए इसे ‘खरीदने’ की सलाह दी है. इस खबर के आते ही 30 जून को मारुति के शेयर ने 5 फीसदी से ज्यादा की छलांग लगाई और यह निफ्टी का टॉप गेनर बन गया.

जेफरीज ने 16,500 रुपये का दिया लक्ष्य

मारुति सुजुकी के शेयरों को लेकर जेफरीज काफी उत्साहित नजर आ रहा है. ब्रोकरेज फर्म ने इस स्टॉक की रेटिंग को अपग्रेड करते हुए नया टारगेट प्राइस 16,500 रुपये प्रति शेयर तय किया है. इसका सीधा मतलब यह है कि पिछले कारोबारी सत्र के बंद भाव से इस शेयर में करीब 23 प्रतिशत की बंपर तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है. दोपहर 12:40 बजे के करीब नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर यह शेयर लगभग 612 रुपये की जोरदार बढ़त के साथ 14,024 रुपये के स्तर पर कारोबार करता दिखा. बाजर बंद होते समय शेयर में और तेजी देखने को मिली और ये 14,147 रुपये के स्तर पर पहुंच गया.

मुनाफे और मार्जिन का क्या है खेल

इस शानदार तेजी के पीछे मुख्य रूप से दो बड़े कारण काम कर रहे हैं. पहला, पैसेंजर कारों की बाजार में लगातार मजबूत मांग बनी हुई है, जिससे बिक्री के आंकड़े बेहतर रहने की उम्मीद है. दूसरा, कच्चे तेल और मेटल की कीमतों में आई नरमी. इन दोनों वजहों से कंपनी की लागत का दबाव कम होगा, जिससे इसका मुनाफा मार्जिन सुरक्षित रहेगा. इसी सकारात्मक माहौल को देखते हुए जेफरीज ने वित्त वर्ष 2027 से 2029 तक के लिए मारुति की प्रति शेयर आय के अनुमानों में 2 से 4 फीसदी की बढ़ोतरी की है. यह उम्मीद भी जताई जा रही है कि आने वाले कुछ सालों में कंपनी अपनी कमाई में 16 प्रतिशत की सालाना ग्रोथ दर्ज कर सकती है.

बाजार की मायूसी में भी चमका यह स्टॉक

एक तरफ मारुति के शेयर कुलांचे भर रहे हैं, तो दूसरी तरफ शेयर बाजार का मूड आज कुछ खास अच्छा नहीं है. 4.4 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली इस कंपनी ने पिछले एक साल में अपने निवेशकों को 12.6 प्रतिशत से ज्यादा का रिटर्न दिया है, जो निफ्टी 50 इंडेक्स के मुकाबले काफी बेहतर प्रदर्शन है. ध्यान देने वाली बात है कि इसी अवधि में निफ्टी ने 6.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की थी.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.