Featured Image

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिला कोर्ट परिसर से महिलाओं के साथ मारपीट का एक वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है. वीडियो में दो महिलाओं के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है. एक युवक ने महिला के बाल पकड़कर उसे जमीन पर गिराया और उसकी गर्दन दबाने की कोशिश की, जबकि दूसरी महिला के साथ भी मारपीट की गई.

घटना के दौरान पुलिसकर्मी ने मामले को शांत करवाया. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारपीट करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद थाने में आरोपियों की तस्वीरें भी सामने आईं.

विज्ञापन

विज्ञापन

शख्स ने महिला के साथ की मारपीट

वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि एक व्यक्ति महिला के बाल पकड़कर उसे नीचे गिरा देता है. इसके बाद वह उसे उठने नहीं देता और जमीन पर ही दबाए रखता है. इसी दौरान वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति उसे रोकने की कोशिश करता है, लेकिन वह उसकी बात नहीं मानता. मामला यहीं नहीं रुकता. आरोपी महिला की गर्दन पकड़ लेता है और उसका गला दबाने की कोशिश करता दिखाई देता है. तभी सामने से एक व्यक्ति आता है और आरोपी के चेहरे पर थप्पड़ मारकर उसे रोकने की कोशिश करता है. इसके बाद एक और शख्स आगे बढ़ता है, लेकिन तभी पुलिसकर्मी बीच में आ जाते हैं.

विज्ञापन

दूसरी महिला भी हुई मारपीट का शिकार

इसी दौरान घटनास्थल के दूसरे हिस्से में भी विवाद चलता दिखाई देता है. एक व्यक्ति दूसरे शख्स से उलझा हुआ था. इसी बीच एक महिला उसे बचाने के लिए आगे आती है. उसके साथ भी मारपीट की गई और उसे जमीन पर गिरा दिया गया. पूरे घटनाक्रम में दोनों महिलाओं को जमीन पर गिराकर पीटे जाने की तस्वीरें वीडियो में दिखाई दे रही हैं. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को संभाला गया.

क्या लिया गया एक्शन?

UP- महाराजगंज के डिस्ट्रिक कोर्ट में दो गुंडों ने दो महिलाओं को जमीन पर गिराकर पीटा. यह सब पुलिस के सामने हुआ. पुलिस ने महिलाओं को बचाया भी. पिटाई के दौरान एक मजबूत कठकाठी वाले गुंडे ने तो महिला को जमीन पर दबोचकर उसकी गर्दन ही भींच दी थी. कोर्ट में खड़े सैकड़ों लोग तमाशबीन बने इसे फिल्म की शूटिंग समझ आनंद ले रहे थे. इन्हें गिरफ्तार करने के बाद थाने में इनका फोटोसेशन हुआ तो गुंडों के चेहरे ब्लर थे और उनके हाथ उनकी जेब में बेफिक्री से पड़े थे. अंदाजा लगाया जा सकता है कि क्या कार्रवाई हुई होगी! — Narendra Pratap (@hindipatrakar) September 26, 2026

मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद थाने में उनकी तस्वीरें भी सामने आईं. तस्वीर में उनके चेहरे धुंधले किए गए हैं और वे सामान्य अंदाज में खड़े दिखाई दे रहे हैं. उनके हाथ जेब में नजर आ रहे हैं. फिलहाल इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. पुलिस की मौजूदगी में कोर्ट परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा छेड़ दी है.

पुलिस ने क्या कहा?

इस मामले में स्थानीय पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है. घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मौके पर फिलहाल शांति है और कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.