महाराष्ट्र के सातारा में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां गोडोली इलाके में टीवी देखने के विवाद में नाबालिग भाईबहन में झगड़ा हुआ था. बहन बैट लेकर हमला करने लगी, बीच बचाव करने आए पिता ने बैट पकड़ लिया. तभी अचानक बैट बेटी के सिर पर लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. वहीं संदेह के आधार पर पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

घटना शनिवार की देर रात करीब 12:30 बजे की है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक देर रात 17 वर्षीय लड़की टीवी देख रही थी. इतने में उसके छोटे भाई ने उठकर टीवी बंद कर दिया. इसी बात पर दोनों में झगड़ा होने लगा. यह देखकर इनके पिता बीचबचाव करने पहुंचे. देखा तो लड़की पहले चाकू और फिर बैट लेकर भाई को डरा रही है.
अचानक लगा बैट, हुई मौत
ऐसे में पिता ने लड़की से पहले चाकू छीना, फिर बैट भी छीन लिया, लेकिन अचानक इस छीनाझपटी में बैट पिता के हाथ से छूटा और बेटी के सिर पर लग गया. इससे उसे गंभीर चोटें आई और वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगी. देखते ही देखते उसकी मौत हो गई. परिजनों ने तत्काल घटना की जानकारी डायल 112 के जरिए पुलिस को दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रिकेट बैट और चाकू जब्त करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
जांच में जुटी पुलिस
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि इस घटना को सुसाइड करार देने की कोशिश की गई है. हालांकि पुलिस इस संबंध में कुछ भी कहने से बच रही है. पुलिस के मुताबिक 11वीं की कक्षा की मौत सिर की चोट की वजह से हुई है. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. इसके लिए सोशल मीडिया पर उसके दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है. साथ ही बापबेटी के संबंधों की भी जांच हो रही है.



