उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां बेटे की बारात लेकर आए एक व्यक्ति की हत्या हो गई है. शव दुल्हन के घर और जनवासे के बीच खेतों में मिला है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोप है कि दूल्हे के बहनोई ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है. इससे पहले आरोपी ने अपने ससुर को शादी से पहले खून बहाने की धमकी दी थी.

पुलिस ने फिलहाल तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक मामला गोवर्धन थाना क्षेत्र का है. यहां दूल्हे के पिता बेटे की बारात साज कर पहुंचे थे. दुल्हन के घर में शादी समारोह का आयोजन था. इसी दौरान दूल्हे के पिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक खाली प्लॉट में पड़ा मिला. मृतक के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं. परिजनों ने मृतक के दामाद पर हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है.

जनवासे के पास मिला शव

पुलिस के मुताबिक लड़की के घर के पास ही थोड़ी दूरी पर जनवासा बना हुआ था. बीच में खाली खेत हैं. दूल्हे के पिता का शव इन्हीं खेतों में मिला है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार के मुताबिक मृतक के दामाद ने कुछ दिन पहले धमकी दी थी. कहा था कि शादी वाले दिन उनके घर में खून बहेगा. दूल्हे ने भी बताया कि घर से बारात के साथ आते वक्त रास्ते में उसका बहनोई नजर आया था.

दामाद की तलाश में जुटी पुलिस

एसएसपी श्लोक कुमार के मुताबिक पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी दामाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों का गठन किया गया है. वहीं घटना से जुड़े भौतिक और डिजीटल साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं. पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा करेगी.