Telangana murder: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक क्रूर घटना घटी. मोबाइल फोन का पासवर्ड देने से इनकार करने पर हमलावरों ने गुस्से में आकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी. बाद में उसके फोन को भी आग के हवाले कर दिया. ये घटना चेवेल्ला पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में घटी है. इस घटना ने स्थानीय स्तर पर सनसनी पैदा कर दी है. हत्या की ये घटना बुधवार रात की बताई जा रही है. अभी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है.

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 11:30 बजे, चेवेल्ला बस स्टैंड पर कुछ हमलावरों ने 43 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का मोबाइल फोन छीन लिया. बाद में, वे उसे चेवेल्ला नगरपालिका के अंतर्गत कंडावाड़ा वार्ड में स्थित एक कचरागाह में ले गए. हमलावरों ने पीड़ित पर फोन अनलॉक करने के लिए पासवर्ड बताने का दबाव डाला. जब उसने पासवर्ड बताने से इनकार कर दिया, तो क्रोधित आरोपियों ने लाठियों से उसके सिर पर अंधाधुंध हमला किया.
एक आरोपी ने किया सरेंडर
पीड़ित को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपियों ने पीड़ित का मोबाइल फोन कूड़े के ढेर में आग में फेंक दिया. पुलिस ने बताया कि गुरुवार दोपहर को एक आरोपी ने पुलिस स्टेशन जाकर आत्मसमर्पण कर दिया और घटना का ब्योरा दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की. पुलिस ने हत्या से संबंधित सबूत जुटाए और मामला दर्ज किया.
पुलिस कर रही है मृतक की पहचान करने की कोशिश
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. घटना में कितने लोग शामिल थे और इसे किस तरह से अंजाम दिया गया, इसकी जांच जारी है. पुलिस मृतक की पहचान करने की कोशिश में जुटी हुई है. एक आरोपी ने सरेंडर कर दिया है. वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.
वहीं मोबाइल फोन के पासवर्ड को लेकर हुए विवाद के कारण हुई हत्या को लेकर स्थानीय स्तर पर गंभीर चिंता जताई जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.



