
कई हजार करोड़ की संपत्ति और विधायक भीख मांगने पर मजबूर है. जी हां, मुंबई के घाटकोपर पूर्व से भाजपा विधायक पराग शाह भिखारी के वेश में सड़क पर घूमते और लोगों से भीख मांगते नजर आए. इस वीडियो ने लोगों को हैरान कर दिया, क्योंकि रिपोर्ट के अनुसार उनके पास 5000 करोड़ रुपये की संपत्ति है. इसके पीछे की वजह ऐसी है आप हैरान हो सकते हैं. चलिए जानते हैं पूरा मामला.
क्या है वायरल वीडियो?
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में सड़क पर भीख मांगता दिख रहा शख्स कोई आम व्यक्ति नहीं, बल्कि मुंबई के घाटकोपर ईस्ट से भाजपा विधायक पराग शाह हैं. वीडियो में कचरा उठाते दिख रहे हैं और उनकी दाढ़ी-बाल बढ़े हुए हैं. आपको बता दें कि राजनीति के अलावा पराग शाह अपने कारोबारी साम्राज्य और बेशुमार संपत्ति के लिए भी जाने जाते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी संपत्ति 5,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई जाती है. ऐसे में जब लोगों को पता चला कि वीडियो में नजर आ रहा भिखारी दरअसल पराग शाह हैं, तो सोशल मीडिया पर यह चर्चा का विषय बन गया.
भीख मांगने पर क्यों मजबूर हुए विधायक?
जानकारी के मुताबिक पराग शाह ने जैन धर्मगुरु नम्रमुनि महाराज के सुझाव पर यह अनुभव लिया. कहा जा रहा है कि चातुर्मास के दौरान उन्होंने अपनी सुरक्षा और लग्जरी सुविधाएं छोड़कर एक दिन भिखारी का जीवन जीया*, ताकि उसके अनुभव को समझ सकें. भिखारी का रूप धारण करने के बाद पराग शाह मुंबई के घाटकोपर की सड़कों पर निकले, जहां लोगों को उनकी असली पहचान का पता नहीं चला. उन्होंने आम भिखारी की तरह लोगों से मदद मांगी और वीडियो के मुताबिक, मिली मदद से खाना खाकर कुछ समय इसी तरह बिताया.
भिखारी की रोजमर्रा की जिंदगी का अनुभव लेने के बाद जब पराग शाह उन स्थानों पर दोबारा गए, जहां उन्होंने भीख मांगी थी. उनके इस प्रयोग ने राजनीतिक जगत में हलचल मचा दी है.
कितनी है संपत्ति?
पराग शाह महाराष्ट्र के सबसे संपन्न नेताओं में गिने जाते हैं. 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने 3,383 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की थी, जबकि करीब पांच साल पहले उनकी संपत्ति लगभग 500 करोड़ रुपये थी. उनका मुख्य कारोबार रियल एस्टेट से जुड़ा है.



