अमेरिका से भारत आए एक युवक पर सनातन संस्कृति का ऐसा रंग चढ़ा कि उसने न सिर्फ अपनी जीवनशैली बदल ली, बल्कि अपना नाम भी बदलकर श्याम दास रख लिया. कभी अंग्रेजी बोलने वाले श्यामुअल अब संस्कृत के श्लोकों का पाठ करते हैं और भगवान शिव, श्रीराम व हनुमान की भक्ति में लीन रहते हैं. इन दिनों श्याम दास रीवा पहुंचे हैं, जहां की मिट्टी, ग्रामीण संस्कृति और बघेली बोली ने उनका दिल जीत लिया है. खास बात यह है कि अब वह बघेली में लोगों को प्रणाम कर उनका अभिवादन भी कर रहे हैं.

दरअसल, अमेरिका से भारत आए श्यामुअल अब श्याम दास के नाम से पहचाने जाते हैं. सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति से प्रभावित होकर उन्होंने अपनी जीवनशैली में बड़ा बदलाव किया. अब वह संस्कृत के श्लोक पढ़ते हैं, हिंदी में पूजापाठ करते हैं और भगवान शिव, श्रीराम व हनुमान के परम भक्त हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने पूरी तरह शाकाहारी जीवनशैली अपना ली है और अब भारत को ही अपना घर बनाना चाहते हैं.

श्यामुअल की मुलाकात ऋषिकेश में रीवा निवासी कुलदीप द्विवेदी से हुई थी. दोनों के बीच दोस्ती हुई और कुलदीप के आमंत्रण पर वह रीवा पहुंच गए. उनका मकसद सिर्फ रीवा घूमना नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के गांवों को करीब से देखना और भारतीय ग्रामीण जीवनशैली को समझना था.

रीवा पहुंचने के बाद उन्हें यहां की ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं ने खासा प्रभावित किया. मिट्टी से लिपे आंगन, गांव का प्राकृतिक वातावरण और लोगों का सहज व्यवहार उन्हें बेहद पसंद आया. उनके मित्र कुलदीप के मुताबिक, श्याम दास का कहना है कि अमेरिका में इस तरह के प्राकृतिक और ग्रामीण वातावरण का अनुभव करने के लिए भी लोगों को पैसे खर्च करने पड़ते हैं, जबकि भारत के गांवों में यह सब सहज रूप से देखने को मिलता है.

अब वह रीवा के लोगों के बीच घुलमिल रहे हैं. खास बात यह है कि अंग्रेजी बोलने वाले श्यामुअल अब बघेली भाषा भी सीख रहे हैं. वह स्थानीय लोगों से बघेली में प्रणाम कर उनका अभिवादन करते हैं. उनका भारतीय पहनावा, सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण और स्थानीय भाषा सीखने का उत्साह ग्रामीणों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.