Featured Image

केरलम के कोच्चि में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार मिनी कूपर कार ने दोपहिया वाहन को टक्कर मारी, जिससे दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने कार चला रहे 19 वर्षीय सुहैल को मेडिकल जांच के बाद हिरासत में ले लिया है. उस पर गैर-इरादतन हत्या का आरोप है. आरोपी कार चालक के नशीले पदार्थों के प्रभाव में होने की भी आशंका है.

जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना नेदुंबस्सेरी हवाई अड्डे के पास देर रात करीब 1.45 बजे हुई. दोपहिया वाहन पर तीन लोग सवार थे. स्थानीय लोग तीनों को तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान पलक्कड़ की गोपिका, वायनाड की देविका और कर्नाटक के रहने वाले इजाज के रूप में हुई है.

एयरपोर्ट के पास चाय पीने जा रहे थे तीनों

नेदुम्बसेरी पुलिस ने बताया कि तीनों मृतक थ्रीक्काकारा में एक क्राफ़्ट शॉप के कर्मचारी थे और एयरपोर्ट के पास एक चाय की दुकान पर गए थे. वे अथानी जा रहे थे, तभी कार ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी. टक्कर में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं, आरोपी कार चालक की पहचान अलपुझा दक्षिण के मूल निवासी सजीव जमाल के बेटे सुहैल (19) के रुप में हुई है.

एर्नाकुलम ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक के. एस. सुदर्शन ने संवाददाताओं को बताया कि कार में किसी नशीले पदार्थ की मौजूदगी का पता लगाने के लिए उसकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है.उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, चालक के नशे में होने की आशंका है, लेकिन इसकी पुष्टि रक्त जांच की रिपोर्ट से ही हो सकेगी, जिसका इंतजार किया जा रहा है.

‘सड़कें तो गाड़ी चलाने के लिए ही होती हैं’

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह दर्दनाक घटना तेज रफ्तार की वजह से हुई. घटना के पहले का एक वीडियों भी सामने आया है, जिसमें कार की स्पीड 220km/hr नजर आ रहा है. वहीं, जब पुलिस सुहैल को मेडिकल जांच के लिए हॉस्पिटल ले गई, तो लोगों ने उससे झगड़ा किया. इस दौरान कार में सवार सुहैल के साथी निनव (19) ने ऐसा बयान दिया जिससे आक्रोश पैदा हो गया.

हादसे के बाद निनव ने टशन में कहा कि सड़कें तो गाड़ी चलाने के लिए ही होती हैं. उसके पिता इस मामले को संभाल लेंगे. इसके बाद हॉस्पिटल में मौजूद कुछ लोगों ने उससे उसके पिता के बारे में पूछा और आक्रोश फैल गया. पुलिस को उसे लोगों के गुस्से से बचाने के लिए बल प्रयोग भी करना पड़ा. वहीं, पुलिस ने सुहैल के साथ उसके साथी निनव को भी हिरासत में लिया है.