
बाथरूम में रखी प्लास्टिक की बाल्टी और मग पर अक्सर समय के साथ सफेद या पीली पपड़ी जमने लगती है, जिससे बाल्टी और बाथरूम गंदा लगने लगता है. कई बार साबुन से धोने के बाद भी ये निशान आसानी से नहीं निकलते, लेकिन अगर कुछ टिप्स को सही से अपनाया जाए, तो इस समस्या को दूर किया जा सकता है.
सिर्फ साबुन से नहीं होगी सफाई
अगर आपके घर में पानी हार्ड आता है तो बाल्टी पर सफेद दाग जल्दी नजर आने लगते हैं, तो समझ लें कि ये सामान्य गंदगी नहीं है और सिर्फ साबुन या पानी से धोने पर पूरी तरह साफ नहीं होगी. ऐसे में आपको कुछ आसान घरेलू चीजें का इस्तेमाल करना पड़ सकता है, ताकि सफाई अच्छे से हो सके और बाल्टी पहले की तरह नई जैसी दिख सके.
सिरका करेगा पपड़ी को हल्का
बाल्टी की सफाई के लिए आप सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए सफेद दाग वाली जगह पर सफेद सिरका लगाकर कुछ देर के लिए छोड़ दें. सिरके की वजह से बाल्टी पर जमी पपड़ी ढीली होने लगेगी. इसके बाद बाल्टी को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें.
बेकिंग सोडा भी आएगा काम
बेकिंग सोडा का इस्तेमाल भी प्लास्टिक की बाल्टी के जिद्दी दाग साफ करने के लिए किया जा सकता है. इसे थोड़े पानी के साथ मिलाकर पेस्ट बना लें और दाग वाली जगह पर लगाएं और 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें. वक्त पूरा होने के बाद साफ पानी से बाल्टी को धो लें.
नींबू से भी असरदार
नींबू में मौजूद प्राकृतिक एसिड भी हल्के हार्ड वाटर दागों को बाल्टी से हटाने में मदद कर सकता है. नींबू का रस प्रभावित जगह पर लगाकर कुछ मिनट छोड़ दें. इसके बाद मुलायम स्पंज की मदद से उसे हल्का गीला करके साफ कर लें और फिर पानी से धो लें.



