
आजकल लोगों की लाइफस्टाइल इतनी बिजी हो चुकी है कि खुद के लिए टाइम नहीं बचता। यही वजह है कि लोगों में हेल्थ प्रॉब्लम्स बढ़ते जा रहे हैं। कोई मोटापे की समस्यया से परेशान है तो कोई हाई ब्लड प्रेशर से। इसकी असल वजह से फिजिकल एक्टिविटी की कमी। आपने देखा होगा कि कई लोग खाने के तुरंत बाद बिस्तर पर चले जाते हैं। लेकिन शायद आपको मालूम नहीं है कि खाने के तुरंत बाद बिस्तर पर जाना आपकी सेहत के लिए कितना खतरनाक हो सकता है। ऐसे में फेमस डॉक्टर सलीम जैदी ने बताया है कि खाना खाने के बाद 10 मिनट वॉक करना क्यों जरूरी है।
ब्लड शुगर करे कंट्रोल
खाना खाने के बाद हमारे शरीर में ग्लूकोज का लेवल अचानक बढ़ता है। डॉ. सलीम जैदी के अनुसार, डिनर के बाद 10 मिनट टहलने से मांसपेशियां खून में मौजूद ग्लूकोज का उपयोग ऊर्जा के रूप में करने लगती हैं। इससे ब्लड शुगर स्पाइक नहीं होता और इंसुलिन सेंसिटिविटी में सुधार आता है। यह आदत टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों और प्रीडायबिटीज से जूझ रहे लोगों के लिए बेहद फायदेमंद है।
पाचन तंत्र बनता है मजबूत
भोजन के बाद हल्की चहलकदमी से पेट और आंतों में संकुचन की प्रक्रिया तेज होती है। इससे खाना तेजी से पचता है और आंतों में सही तरीके से आगे बढ़ता है। जो लोग गैस, एसिडिटी, ब्लोटिंग या इनडायजेशन से परेशान रहते हैं, उन्हें 10 मिनट की वॉक से तुरंत राहत मिलती है।
एसिड रिफ्लक्स और बर्न से बचाव
खाना खाते ही सीधे बिस्तर पर लेटने से पेट का एसिड ऊपर भोजन की नली की ओर आने लगता है, जिससे सीने में जलन और एसिडिटी होती है। 10 मिनट खड़े होकर टहलने से गुरुत्वाकर्षण के कारण भोजन और एसिड पेट के भीतर ही सुरक्षित रहते हैं।
वजन घटाने में मददगार
हालांकि 10 मिनट की वॉक से बहुत अधिक कैलोरी बर्न नहीं होती, लेकिन यह मेटाबॉलिज्म को सुस्त होने से रोकती है। रात के समय हमारा मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है, जिससे फैट जमा होने का खतरा बढ़ता है। हल्की वॉक शरीर में फैट स्टोरेज को कम कर वजन नियंत्रित रखने में मदद करती है।
हार्ट हेल्थ और बेहतर नींद
हल्की वॉक से ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित रहता है। इसके अलावा, वॉक करने से शरीर में एंडोर्फिन हार्मोन रिलीज होता है, जिससे तनाव कम होता है। खाना पचने और दिमाग शांत होने के कारण रात में गहरी और आरामदायक नींद आती है।



