Sitamarhi Crime News: बिहार के सीतामढ़ी के परिहार थाना क्षेत्र से एक बेहद हैरान करने वाला और अंधविश्वास की खौफनाक तस्वीर पेश करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक तांत्रिक द्वारा इलाज के नाम पर छोटेछोटे बच्चों के साथ क्रूरता की सारी हदें पार करने का मामला प्रकाश में आया है. महादेवपट्टी गांव के श्मशान घाट के पास अंधविश्वास की आड़ में बच्चों को उल्टा लटकाकर घुमाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति, जो लाल रंग का कुर्ता और धोती पहने हुए है, दो से पांच साल तक के मासूम बच्चों के पैरों को पकड़कर उन्हें हवा में गोलगोल घुमा रहा है. इस दौरान आरोपी द्वारा करीब चार से पांच मासूम बच्चों को बेरहमी से जमीन पर भी फेंके जाने का आरोप है. घटना के वक्त वहां स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौजूद थी, जो इस तमाशे को देख रही थी लेकिन किसी ने भी इसका विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटाई.

श्मशान घाट के पास की है घटना

वीडियो के वायरल होने और तूल पकड़ने के बाद परिहार थाना पुलिस हरकत में आई. परिहार थानाध्यक्ष पंकज यादव के स्वलिखित बयान के आधार पर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांचपड़ताल शुरू की. सत्यापन के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि यह घटना महादेवपट्टी गांव में वार्ड संख्या02 स्थित संस्कृत विद्यालय के पास बने श्मशान घाट के पास की है.

पुलिस की शुरुआती जांच में वीडियो में दिख रहे मुख्य आरोपी की पहचान श्रवण महतो पिता आस नारायण महतो के रूप में हुई है, जो महादेवपट्टी वार्ड संख्या05 का रहने वाला है. पुलिस ने आरोपी श्रवण महतो के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम2015 और भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. इस संगीन मामले की आगे की जांच की जिम्मेदारी एसआई शिवम को सौंपी गई है.

फिलहाल पुलिस कर रही है गहराई से छानबीन

फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि वीडियो में दिख रही घटना के पीछे का पूरा सच क्या है और बच्चों के साथ वास्तव में किस तरह का बर्ताव किया गया. इसके साथ ही, वीडियो में दिख रहे अन्य स्थानीय लोगों की भूमिका और इस तरह के अंधविश्वास को बढ़ावा देने वालों की भी पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में आगे की कड़ी और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.