महाराष्ट्र के सातारा के गोडोली इलाके में टीवी बंद करने को लेकर हुए विवाद में एक 17 साल की लड़की की मौत हो गई. घटना शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान लड़की के सिर पर क्रिकेट बैट लग गया था. इसके बाद उसकी मौत हो गई. पुलिस ने लड़की के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय लड़की घर में टीवी देख रही थी. इसी दौरान उसके छोटे भाई ने टीवी बंद कर दिया. इसे लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. मामला बढ़ने पर पिता बीचबचाव करने पहुंचे. इसी दौरान लड़की और उसके पिता के बीच भी झड़प होने की जानकारी सामने आई है.
प्राथमिक जांच के मुताबिक, विवाद के दौरान लड़की के हाथ में पहले चाकू और बाद में क्रिकेट बैट आ गया था. पिता ने बैट पकड़ने की कोशिश की. इसी दौरान दोनों के बीच हुई झड़प में बैट लड़की के सिर पर लग गया. चोट लगने के बाद वह नीचे गिर गई.
पुलिस ने बैट और चाकू किया जब्त
घटना की सूचना डायल 112 के जरिए पुलिस को मिली. जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की. पुलिस ने वहां से क्रिकेट बैट और चाकू बरामद कर उन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया है.
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि झड़प के दौरान वास्तव में क्या हुआ था और लड़की के सिर पर चोट किस परिस्थिति में लगी. इसके साथ ही उसकी मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है.
पुलिस को इस मामले में घटना के बाद लड़की की मौत को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश किए जाने का भी संदेह है. हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है. जांच अधिकारियों की ओर से घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिवार के सदस्यों के बयानों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है.
11वीं कक्षा में पढ़ती थी लड़की
मृतका 11वीं कक्षा की छात्रा थी. पुलिस उसके सिर पर लगी चोट, मौत के कारण और घटना से पहले घर में हुए विवाद की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी है. जांच के दौरान लड़की के सोशल मीडिया पर दोस्तों से संपर्क और पिता के साथ पहले हुए विवाद से जुड़ी जानकारी भी खंगाली जा रही है.
सातारा के उपविभागीय पुलिस अधिकारी विपुल पाटील के मुताबिक, मामले में उपलब्ध सबूतों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी व्यक्ति को दोषी नहीं ठहराया गया है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.



