राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में बीते 24 घंटों में 15 लोगों की मौत हुई है. इनमें छह लोगों ने अलग अलग स्थानों पर सुसाइड किया है, वहीं बाकी नौ लोगों की जान संदिग्ध परिस्थिति में गई है. सूचना मिलने पर पहुंची नोएडा पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है. पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है. इस संबंध में परिवार वालों एवं अन्य संबंधियों से भी पूछताछ की जा रही है.

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक पहली घटना की सूचना बुधवार की सुबह मिली. बताया गया कि नोएडा सेक्टर39 थाना क्षेत्र की सदरपुर कॉलोनी में रहने वाले राजीव ने सुसाइड किया है. वह मंगलवार की रात अपने घर में लगे पंखे से फंदा लगाकर लटक गए. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराया. राजीव मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले थे और यहां किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे.

इन लोगों ने भी लगाई फांसी

उन्होंने बताया कि सेक्टर49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव में रहने वाले राजू ने भी बीती रात अपने किराये के घर में फंदे से लटक गए. वहीं सेक्टर126 थाना क्षेत्र के असगरपुर गांव में रहने वाली सायरा बानो का शव उनके कमरे में फंदे से लटकता मिला है. शायरा की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी. इसी प्रकार बुलंदशहर के जहांगीरपुर निवासी अंकित ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी है. फेस1 थाना क्षेत्र के नया बांस गांव में रहने वाले अफजल और बिसरख थाना क्षेत्र की एक सोसाइटी में रहने वाले मयंक गुप्ता ने भी फंदे से लटक कर जान दी है.

इनकी संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक दादरी थाना क्षेत्र में रहने वाले टीपू सुल्तान और गुड़िया , बिसरख थाना क्षेत्र निवासी पुलकित गौतम , सेक्टर39 थाना क्षेत्र निवासी संजय कुमार , बीटा2 थाना क्षेत्र निवासी अखिलेश की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हुई है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. वहीं खोड़ा कॉलोनी निवासी दिनेश उर्फ गुड्डू , सूरजपुर थाना क्षेत्र निवासी सोनू , फेस2 थाना क्षेत्र निवासी मनीष और जेवर थाना क्षेत्र के चरौली गांव निवासी कर्मवीर की भी संदिग्ध परिस्थिति में मौत की सूचना है.