Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में थाईलैंड की महिला को प्रेम जाल में फंसाकर मोहम्मद इरफान नामक शख्स ने उसे धोखा दिया. अब इस केस में आरोपी इरफान ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. अनवरगंज थाना क्षेत्र की पुलिस के सामने आरोपी इरफान ने अपना जुर्म और दो शादियों का सच स्वीकार करते हुए कहा कि उसके धर्म में दो शादियां जायज हैं, इसलिए उसने थाईलैंड की महिला से शादी की थी. मोहम्मद इरफान ने ये भी माना कि उसने थाईलैंड की रहने वाली महिला अपसॉर्न से पहली शादी का सच छुपाया था.

इरफान ने पुलिस को दिए बयान में कहा, “मेरे धर्म में दो शादियां जायज हैं, इसीलिए मैंने थाईलैंड में शादी की थी. मैंने सोचा था कि बाद में उसे बता दूंगा कि मेरी पहले से एक पत्नी और तीन बच्चे हैं. मुझे यह बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वह कभी भारत आ जाएगी.” इरफान ने स्वीकार किया कि उसने व्यापार के सिलसिले में महिला से करीब 13 लाख रुपये लिए थे, हालांकि उसने महिला द्वारा लगाए गए 47 से 57 लाख रुपये ऐंठने के आरोपों से इनकार किया है.

पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला से ऐंठे गए रुपयों से इरफान ने दिल्ली और लखनऊ से दो महंगी सुपरबाइक्स खरीदी थीं, जिनमें 21 लाख की ‘कावासाकी निंजा10R’ और 34 लाख की ‘बीएमडब्ल्यू 1000’ शामिल हैं. उन्हें वो बाद में बेच चुका था.

जब थाई महिला से कराया आमनासामना: “मेरे धर्म में दो शादियां नहीं होतीं”

पुलिस ने जब थाने में आरोपी इरफान और पीड़िता अपसॉर्न को आमनेसामने बिठाकर पूछताछ की, तो महिला का गुस्सा फूट पड़ा. पीड़िता ने सवाल उठाया कि वह बौद्ध धर्म से ताल्लुक रखती है और उसके धर्म में दो शादियां नहीं होतीं, फिर उसके साथ इतना बड़ा छल क्यों किया गया?

जबरन हिजाब और धर्म परिवर्तन का दबाव

पीड़िता अपसॉर्न ने पुलिस को अपनी दर्दभरी दास्तां सुनाते हुए कई गंभीर आरोप लगाए. बोली 5 अक्टूबर 2026 को जब वह भारत आकर अनवरगंज के दलेल पुरवा स्थित इरफान के घर पहुंची, तो उसे पहली पत्नी और तीन बच्चों का पता चला. विरोध करने पर इरफान ने उसके मुंह पर जबरन हिजाब पहनाया और कहा कि “मुस्लिम धर्म अपनाओगी तभी दोबारा निकाह करूंगा.” पैसे वापस मांगने पर इरफान, उसके पिता चांद और दोस्त रेहान ने उसके साथ मारपीट की और गालियां देकर घर से भगा दिया.

इंस्टाग्राम से दोस्ती, पटाया में शादी और 7 बार थाईलैंड यात्रा

एसीपी मंजय सिंह ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया थाईलैंड की रहने वाली अपसॉर्न पटाया बीच पर एक सीफूड रेस्टोरेंट चलाती है. इरफान भी व्यापार के सिलसिले में पटाया जाता रहता था, जहां इंस्टाग्राम के जरिए दोनों की दोस्ती हुई. महिला के परिजनों की मौजूदगी में 22 अप्रैल 2025 को दोनों ने बौद्ध धर्म के रीतिरिवाजों से शादी की थी. शादी से पहले एक बार और शादी के बाद छह बार इरफान पटाया गया था.

पीड़िता को मिल रही धमकियां, कोर्ट में कलमबंद बयान की तैयारी

पीड़िता का आरोप है कि मामला दर्ज कराने के बाद से उसे लगातार इंटरनेट कॉल्स के जरिए जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. हालांकि, थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने ऐसी किसी लिखित शिकायत से अभी अनभिज्ञता जताई है.

अनवरगंज पुलिस ने आरोपी इरफान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है और उसके कलमबंद बयान दर्ज कराने के लिए पुलिस आज दोबारा उसे कोर्ट ले जा रही है. FIR में इरफान के पिता चांद और साथी रेहान को भी आरोपी बनाया गया है, जिनकी तलाश जारी है.