हिमाचल में अगले कई दिन होगी भारी बारिश, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी से प्रदेश में बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग ने अगले 14 अक्टूबर तक जारी किया बारिश का अलर्ट 

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद अब मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर नया पूर्वानुमान जारी किया है। राज्य में 14 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि लाहौलस्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात होने के आसार हैं।

बारिश और बर्फबारी के असर से प्रदेश में तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। कई शहरों का अधिकतम तापमान कुछ ही दिनों में 4 से 6 डिग्री तक नीचे आ गया है। ऐसे में मैदानी और मध्य पर्वतीय इलाकों में भी अब ठंड का असर बढ़ने लगा है।

हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने सर्दी की आहट तेज कर दी है। लाहौलस्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है। बीते दिनों भी प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। पहाड़ों पर बदलते मौसम का असर अब निचले क्षेत्रों में भी महसूस होने लगा है। सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ रही है, जबकि दिन के तापमान में भी पहले के मुकाबले कमी आई है।

यह भी पढ़ें :

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 8, 9, 13 और 14 अक्टूबर को कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इस दौरान बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। हालांकि हर जिले के लिए लगातार भारी बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर गरजचमक, तेज हवाओं और बारिश को लेकर सावधानी बरतने को कहा है। आने वाले दिनों में मौसम में उतारचढ़ाव जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में गरजचमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। हालांकि इसके बाद कुछ दिनों के लिए किसी भी जिले में व्यापक अलर्ट नहीं है, लेकिन 9, 10, 13 और 14 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होने का पूर्वानुमान बना हुआ है।

यह भी पढ़ें :

बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पालमपुर में 82.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो इस अवधि में सबसे अधिक रही। इसके अलावा सराहन में 28.7 मिमी, कोठी में 19 मिमी, भटियात में 18.3 मिमी, जोत में 17.8 मिमी, गुलेर में 16.7 मिमी, शिमला में 12 मिमी और मनाली में 11 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के साथ कई स्थानों पर गरजचमक और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिला। पालमपुर, शिमला और जोत में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।

बारिश और बर्फबारी के बाद हिमाचल के कई शहरों के तापमान में तेजी से गिरावट आई है। पिछले 24 घंटों में कुछ क्षेत्रों के अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री तक की कमी दर्ज की गई। कांगड़ा का अधिकतम तापमान करीब 6 डिग्री गिरकर 24.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। भुंतर में 5.2 डिग्री की गिरावट के बाद अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री रहा। शिमला का तापमान 4.4 डिग्री की कमी के बाद 19.6 डिग्री और मनाली का 5.8 डिग्री गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान अब सामान्य से करीब 1.8 डिग्री नीचे पहुंच गया है।

यह भी पढ़ें : 

रात के समय भी हिमाचल में ठंड बढ़ने लगी है। प्रदेश के छह शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कुकुमसेरी में रात का तापमान करीब 2.3 डिग्री, ताबो में 3.2 डिग्री, कल्पा में 6.6 डिग्री, कुफरी में 8.6 डिग्री और मनाली में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे साफ है कि ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में सर्दी का असर तेजी से बढ़ रहा है।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है। इसका असर खासकर मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। कुछ दिन पहले तक जहां प्रदेश का औसत तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा था, वहीं बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद तस्वीर बदल गई है। अब सुबहशाम के साथ दिन में भी ठंड का एहसास बढ़ने लगा है।

बारिश के बीच शिमला में भूस्खलन की घटना भी सामने आई। ढली के पास शोगीढली बाईपास पर भूस्खलन के दौरान दो वाहन उस स्थान से गुजर रहे थे। गनीमत रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या वाहनों को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है। भूस्खलन के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन बाद में मार्ग को दोबारा वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया।

हिमाचल में बदलता मौसम अब पहाड़ों का रंग भी बदलने लगा है। ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, निचले इलाकों में बारिश और लगातार गिरता तापमान सर्दी के आगमन का संकेत दे रहा है। आने वाले दिनों में अगर ऊंचाई वाले इलाकों में फिर बर्फबारी होती है तो इससे हिमाचल के पर्यटन स्थलों पर भी ठंड बढ़ेगी। शिमला, मनाली, कुफरी और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह और शाम का मौसम और ठंडा होने की संभावना है।