Featured Image

Bijnor Triple Murder Case: बिजनौर l उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में उस वक्त सनसनी मच गयी, जब बुधवार देर रात एक सनकी आदमी ने मामूली से विवाद के बाद भीड़ पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया. इस घटना में तीन ग्रामीणों की कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई. जबकि एक महिला और आरोपी घायल हो गया है.

क्या है पूरा मामला

पूरा मामला जिले के चांदपुर थाना इलाके का है. बुधवार रात रात करीब 8 बजे दत्तियाना और जमालुद्दीनपुर गांव के बीच स्थित शराब दूकान के पास वारदात हुई है. मृतकों की पहचान जमालुद्दीनपुर निवासी उदयवीर (60 साल), बाबू (40 साल) और महेंद्र के रूप में हुई है. जबकि आरोपी ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र घायल है.

शराब दूकान पर विवाद हुआ था

जानकारी के मुताबिक़, दत्तीयाना गांव के वीरेंद्र और जमालुद्दीनपुर के सतवीर के बीच शराब दूकान पर विवाद हो गया. किसी बात को लेकर कहासुनी हो गयी थी. कुछ व्यक्तियों द्वारा विवाद को निपटा दिया गया. जिसके बाद सभी लोग वहीँ खड़े होकर बात कर रहे थे.

आरोपी ने भीड़ पर चढ़ाया ट्रैक्टर

इस दौरान वीरेंद्र शराब के नशे में ट्रैक्टर चलाते हुए आया और जानबूझकर भीड़ पर गाड़ी चढ़ा दी. इसके बाद सीधे बिजली के खम्भे से टकड़ा गया. टक्कर इतनी जोरदार दी थी कि टूट गया और ट्रैक्टर भी वहीं पलट गया. इस घटना में उदयवीर, बाबू, महेंद्र और एक महिला घायल हो गए. साथ ही आरोपी भी घायल हो गया.

तीन लोगों की मौत, आरोपी समेत दो घायल

घटना के बाद हड़कंप मच गया. घायलो को सीएचसी स्याऊ लेकर जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उदयवीर और बाबू को मृत घोषित कर दिया. महेंद्र को गंभीर हालत में बिजनौर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई. वहीँ, मामले की सूचना मिलते ही सीओ, एसडीएम और एसपी देहात भी सीएचसी स्याऊ पहुंचे. पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं.

पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी

घायल हुए आरोपी वीरेंद्र को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एक साथ तीन मौतों से गांव में हड़कंप मच गया है. आक्रोशित ग्रामीणों का आरोप है जानबूझकर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या की गयी है. ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की है. फिलहाल पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गयी है.