कोल्ड ड्रिंक में नशा, फिर अश्लील हरकत… बच्चों को ब्लैकमेल करने वाले नंदू को भीड़ ने सिखाया ऐसा सबक, ताउम्र रखेगा याद

Dehradun News: खबर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी से है. यहां बच्चों के साथ यौन उत्पीड़न और अश्लील हरकत करने के संगीन आरोप में भारी हंगामा खड़ा हो गया. घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और उसके चेहरे पर कालिख पोतकर सड़क पर जुलूस निकाला. इसके बाद आक्रोशित भीड़ आरोपी को घसीटते हुए सीधे थाने ले गई और उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की. परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस जांच और परिजनों के अनुसार, यह घिनौनी वारदात दिसंबर से फरवरी के बीच की बताई जा रही है. आरोपी की पहचान जितेंद्र उर्फ नंदू महाराज के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले (नगीना-धामपुर क्षेत्र) का रहने वाला है. आरोपी वर्तमान में उत्तराखंड विधानसभा की कैंटीन में काम करता है.

पीड़ित बच्चों के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि- आरोपी बच्चों को खाने-पीने का लालच देकर अपने साथ ले जाता था. इसके बाद कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला देता था और अचेत/बेहोश होने पर उनके साथ अश्लील हरकतें करता था.

फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और हथियार का डर

आरोप है कि विकृत मानसिकता का शिकार आरोपी अश्लील हरकतों के दौरान बच्चों की फोटो और वीडियो बना लेता था. वो बच्चों को यह फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था. साथ ही अपने पास घातक हथियार होने की बात कहकर मासूमों को जान से मारने की धमकियां देता था और लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहा था. डांट पड़ने और आरोपी की धमकियों के डर से बच्चे लंबे समय तक परिजनों से कुछ नहीं कह सके. अब मामला सामने आने के बाद से मासूम बुरी तरह सहमे और डरे हुए हैं.

POCSO और सुसंगत धाराओं में केस दर्ज

मामला उजागर होते ही इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय नागरिकों ने आरोपी को पकड़कर सबक सिखाया. नेहरू कॉलोनी के कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी जितेंद्र उर्फ नंदू महाराज के खिलाफ संबंधित धाराओं (POCSO एक्ट एवं अन्य) में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है और फोटो-वीडियो से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है.

अवनीश कुमार पाल

देहरादून के रहने वाले अवनीश कुमार पाल ने DAV कॉलेज देहरादून से ग्रेजुएशन के साथ-साथ निजी इंस्टीट्यूट से मास कम्युनिकेशन में डिप्लोमा किया है. वर्तमान में वो टीवी 9 नेटवर्क के साथ जुड़े हुए हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 16 वर्षों से सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं. अपने 16 वर्षों के पत्रकारिता करियर में उन्होंने साधना न्यूज़, ज़ी न्यूज़, ईटीवी, न्यूज़18, नेशनल वॉइस न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. पत्रकारिता के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और बड़े आयोजनों की कवरेज की. इनमें इंडियन मिलिट्री अकादमी (IMA) की पासिंग आउट परेड, प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के कार्यक्रम, चारधाम यात्रा, विधानसभा सत्र, लोकसभा चुनाव कवरेज और देहरादून इन्वेस्टर समिट शामिल है. इसके अलावा वर्ष 2025 में उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई आपदा की लगातार पांच दिनों तक ग्राउंड रिपोर्टिंग की. न्यूज़18 में कार्यकाल के दौरान देहरादून के एक निजी मेडिकल कॉलेज में परीक्षा में नकल की एक्सक्लूसिव खबर प्रसारित कर परीक्षा रद्द करवाना उनकी महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है.