Featured Image

Haryana Crime: हरियाणा के फरीदाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 13 साल की एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप किया गया. यही नहीं उसके दोस्त के साथ अप्राकृतिक यौनाचार को अंजाम दिया गया. घटना 24 अगस्त की बताई जा रही है, लेकिन पुलिस को अब इसकी शिकायत मिली है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है. चौथा आरोपी फरार है.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुणाल, यश और दीपक के रूप में हुई है, जबकि प्रिंस की तलाश की जा रही है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया.

दोस्त के साथ बाहर गई थी लड़की

एसीपी सराय संदीप मोर के मुताबिक, 24 अगस्त को नाबालिग लड़की अपने एक दोस्त के साथ बाहर गई थी. आरोप है कि इसी दौरान चारों आरोपियों ने दोनों को पकड़ लिया और एक खंडहरनुमा इमारत में ले गए. शिकायत के अनुसार, वहां लड़की के साथ गैंगरेप किया गया और उसके दोस्त के साथ भी अप्राकृतिक यौनाचार किया गया. पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है.

पुलिस के अनुसार, दोनों पीड़ितों को कथित तौर पर चाकू की नोक पर कई घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया. आरोप है कि उन्हें धमकाया भी गया. शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़ित से अपने बैंक खाते में 10 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए.

प्रिंस की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही पुलिस

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने कुणाल, यश और दीपक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि प्रिंस अभी फरार है. पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं. पुलिस उनसे पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. साथ ही, पुलिस नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप और उसके दोस्त के साथ अप्राकृतिक यौनाचार के आरोपों की भी जांच कर रही है.