Featured Image

Navratri 2026: बिहार के समस्तीपुर जिले से नवरात्र के दौरान भक्ति और तपस्या की एक बेहद अनूठी और हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है. रोसड़ा शहर के चौरसिया टोला की रहने वाली 35 वर्षीय मधुमाला देवी इन दिनों अपनी कठिन साधना को लेकर चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं. वह नवरात्र के मौके पर 2,516 नुकीली कीलों से तैयार की गई एक विशेष सेज पर लेटकर मां दुर्गा की कठोर आराधना कर रही हैं. और लोग उनकी इस तपस्या से आकर्षित होकर उनका उत्साहवर्धन करने के लिए घर पहुंच रहे हैं.

कीलों की सेज पर कठोर साधना

मधुमाला देवी के इस अनुष्ठान के लिए विशेष तौर पर एक लकड़ी का बिस्तर बनवाया गया है, जो जमीन से करीब 15 इंच ऊंचा है. इस छह फीट लंबी और साढ़े तीन फीट चौड़ी खाट पर कुल 2,516 नुकीली कीले जड़ी गई हैं. इन सभी कीलों की लंबाई लगभग 5 इंच है और इनका कुल वजन करीब 32 किलोग्राम है. इन कीलों के ऊपर एक पतली चादर बिछाई गई है, जिस पर मधुमाला देवी लेटी हुई हैं. उनकी साधना का तरीका इतना कठिन है कि उनके सीने पर कलश रखा हुआ है और बगल में त्रिशूल स्थापित है. परिवार के अनुसार, वह नवरात्र के पहले दिन से ही बिना अन्न और जल ग्रहण किए लगातार इस कठोर तपस्या में लीन हैं.

एक सपने के बाद जागी गहरी आस्था

मधुमाला देवी के पति रंजीत चौरसिया, जो रोसड़ा में कपड़ों की एक दुकान चलाते हैं, बताते हैं कि उनकी पत्नी की मां दुर्गा के प्रति अगाध श्रद्धा है. करीब दो साल पहले उन्हें सपने में माता के दर्शन हुए थे, जिसके बाद से उनकी धार्मिक आस्था और अधिक गहरी हो गई. परिवार का यह भी दावा है कि पिछले साल नवरात्र के दौरान भी उन्होंने कलश स्थापना कर विशेष पूजा की थी, और नौवें दिन उनकी मनोकामना पूरी हुई थी. इसके अलावा, घर के भीतर जमीन के नीचे से मां दुर्गा की एक मूर्ति प्रकट होने की बात भी कही जा रही है, जिसके बाद उन्होंने घर में ही एक भव्य मंदिर का निर्माण करवा लिया है.

पत्नी के सम्मान में पति भी रख रहे हैं व्रत

मधुमाला और रंजीत की शादी करीब 16 साल पहले हुई थी. उनके दो बच्चे हैं- 14 साल का बेटा और 12 साल की बेटी. पत्नी की इस कठिन साधना में उनका पूरा परिवार उनके साथ है. उनकी इस तपस्या में सहयोग देने के लिए उनके पति रंजीत भी पूरे नवरात्र के दौरान उपवास रख रहे हैं. घर पर किसी पंडित के मार्गदर्शन में नियमित रूप से पूजा-पाठ और अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं.

कीलों की सेज पर लेटकर मां दुर्गा की कठिन भक्ति करने की इस खबर के सामने आने के बाद से रोसड़ा के चौरसिया टोला स्थित उनके घर पर आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों का तांता लगा हुआ है. लोग दूर-दूर से इस अनोखी तपस्या को देखने और घर के मंदिर में माथा टेकने पहुंच रहे हैं.