Auraiya Crime News: औरैया l उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से हत्या का एक खौफनाक मामला सामने आया है. बेला इलाके में एक पिता ने भांजे के साथ मिलकर अपनी बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी. पहले उसका गला घोंटा, फिर पानी से भरे गड्ढे में डुबोकर मार डाला और जमीन में दफना दिया.

गड्ढे में मिली थी नाबालिग़ की लाश

पूरा मामला जिले के बेला थाना क्षेत्र के दलपपुर गांव का है. वारदात 20 सितंबर की है. मृतका की पहचान 16 वर्षीय नाबालिग़ लड़की के रूप में हुई है. 20 सितंबर को दलपपुर मोड़ के पास वन विभाग की जमीन पर बबूल के पेड़ों के बीच गड्ढे में दबी हुई नाबालिग़ की लाश मिली थी. पुलिस जिसकी जांच में जुटी हुई थी. आखिरकार उसका खुलासा अब हो गया है.

पिता और भाई निकले कातिल

उसकी हत्या करने वाले कोई और नहीं बल्कि उसके पिता चन्द्रप्रकाश उर्फ भगवान दीन और उसके रिश्ते का भाई दीपक उर्फ दीपांशु है. जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ करने पर दोनों ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया है.

बिना बताए अक्सर घर से चली जाती थी बेटी

पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता ने दो शादियां की थीं. पहली पत्नी से एक बेटा और दूसरी शादी से तीन बेटियां थीं. बेटी सितंबर के पहले सप्ताह में किसी के साथ चली गई थी. इसके बाद आठ सितंबर को अचानक आयी. लेकिन अंदर नहीं गई. जैसे ही इस बारे में पिता को पता चला उसने अपनी बेटी की हत्या की साजिश रची. बताया जा रहा है वो पहले भी ऐसा कर चुकी थी.

वह अपने भांजे के पास पंहुचा और उसकी मदद ली. प्लान के तहत नौ अक्तूबर को बेटी को दिल्ली ले जाने की बात कहकर अपने साथ ले गया. उसने बेटी से दिल्ली से पहले अपनी बहन के घर चलने की बात कही. तीनो गाँव जा ही रहे थे तभी वो रास्ते में एक सुनसान जंगल में बेटी को ले गया.

गला दबाकर बेटी को गड्ढे में दफनाया

जहाँ उसने बेटी को जोर से दबोच लिया. इसके बाद उसका गला घोंट दिया और पानी भरे गड्ढे में उसे डुबोकर सिर के ऊपर लात रख दिया. फिर फावड़े से गड्ढा खोदकर शव को जमीन में दफना दिया. वारदात के बाद 11 अक्तूबर को दिल्ली भाग निकला. दुसरी तरफ भांजे शराब के नशे में अपनी मां और पत्नी को हत्या की पूरी दास्तान सुना दी. जिससे इसका खुलासा हो गया.

वहीँ, लाश मिलने पर भाई ने भी अपनी बहन की पहचान की. जिसके बाद पुलिस ने भाई की शिकायत पर आरोपियों की तलाश शुरू की. पुलिस ने पिता और भांजे को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों से पूछताछ की गयी जिसमे दोनों ने अपना गुनाह कुबूल किया. आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और फावड़ा बरामद किया गया है.